हरियाणा के 13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट:पाला जमने के आसार; 10 जनवरी तक राहत नहीं, नारनौल में पारा 3 डिग्री

Spread the love

हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज, 6 जनवरी के लिए प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है। बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। सोनीपत व आसपास के जिलों में सुबह से ठंडी हवा चल रही है। इससे लोगों को कंपकपी छूट रही है। कैथल में हल्का कोहरा है, वहीं महेंद्रगढ़ में कोहरा घना है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटे में प्रदेश में शीतलहर और कोल्ड-डे का दोहरा अटैक जारी रहेगा। रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है। रात्रि तापमान शून्य तक जा सकता है। प्रदेश में पाला जमने के हालात बने हुए हैं। 8 जनवरी के बाद ही न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी की उम्मीद है, लेकिन तब तक सुबह और रात के समय शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। वहीं मौसम विभाग ने विशेष रूप से दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में पाला गिरने और शीतलहर की चेतावनी दी है। इन जिलों में रात का पारा 4 डिग्री से भी नीचे जा सकता है। नारनौल में रही सबसे ठंडी रात
प्रदेश में बीती रात नारनौल की सबसे ठंडी रही। यहां पर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो की सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। दूसरे नंबर पर हिसार रहा। यहां पर रात का तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से कम ही चल रहा है। केवल सोनीपत का तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। यहां पर प्रदेश का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीत लहर बढ़ाएगी ठंड : मौसम एक्सपर्ट वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट जारी है। नमी के कारण उत्तर व दक्षिणी हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर अलसुबह व देर रात्रि को गहरी धुंध व कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है और हवाओं में हल्का बदलाव के साथ हल्की से मध्यम गति से शीत हवाएं चलने की भी संभावना है।