उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। शिमला, मनाली और नैनीताल जैसे हिल स्टेशनों से भी ज्यादा सर्दी पड़ रही है। इस बीच नए साल पर पश्चिमी यूपी में मथुरा समेत कई जिलों में हुई बूंदाबांदी ने ठिठुरन बढ़ा दी। प्रदेश में सीजन में पहली बार रात के वक्त न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आज सुबह लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई। कोहरे के चलते गोरखपुर समेत तमाम शहरों में 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। 10 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हैं, जबकि कई देरी से उड़ान भर रही हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 37 से अधिक जिलों में घना कोहरा पड़ सकता है। इस दौरान सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। बुधवार की बात करें तो प्रदेश बाराबंकी में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 3°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर में पारा 4.4°C, हरदोई में 4.5°C, अयोध्या 5°C और सुल्तानपुर में 5.2°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में पारा 7°C रहा और सुबह से अच्छी धूप खिली रही। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम रहेगी, वहीं रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा। मौसम की तस्वीरें- जनवरी के पहले सप्ताह का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 से 7 जनवरी तक प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। सुबह-शाम कोहरे की स्थिति गंभीर रह सकती है, जिससे शीतलहर और ठंड का अहसास और बढ़ेगा। कुछ इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। पूरे जनवरी महीने का अनुमान
पूरे जनवरी माह में रात का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि दोपहर में हल्की धूप से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड और शीतलहर का असर बना रहेगा। खासकर पूर्वी और दक्षिणी यूपी में शीतलहर के दिन जलवायवीय औसत से 1 से 3 दिन अधिक रह सकते हैं। दिसंबर 2025 के मौसम का प्रभाव
दिसंबर 2025 के दौरान प्रशांत महासागर में ला-नीना की स्थिति और प्रबल ध्रुवीय भंवर के कारण प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बेहद कम रही। इसके चलते मौसम शुष्क रहा और वायुमंडलीय स्थिरता बढ़ने से घने कोहरे के दिनों की संख्या बढ़कर 22 तक पहुंच गई। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कोल्ड डे की संख्या 12 दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। आगे क्या रहेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में जारी ला-नीना परिस्थितियां धीरे-धीरे कमजोर होकर शीत ऋतु के उत्तरार्द्ध (जनवरी–फरवरी–मार्च) में तटस्थ स्थिति में बदल सकती हैं। इसके संयुक्त प्रभाव से जनवरी में प्रदेश के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा अधिक रह सकता है। आपके शहर में मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…
यूपी में बारिश से ठंड बढ़ी, 30 जिलों में कोहरा:सड़कों पर 10 मी. दूर भी नहीं दिख रहा; 4 दिन भयंकर सर्दी पड़ेगी
