हरियाणा के 12 शहरों में आज कोल्ड-डे का अलर्ट:15 जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री से नीचे; सुबह कई जिलों में छाया कोहरा

Spread the love

हरियाणा में कोहरे के साथ-साथ आज कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। यानि रात के साथ-साथ अब दिन में भी ठंड बढ़ेगी। नए साल पर भी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र शहर दिन में सबसे ठंडे रहे। इसके अलावा 15 शहरों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया। सोनीपत, पलवल व अन्य जिलों में सुबह कोहरा छाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने आज भी कोल्ड डे व कोल्ड वेव का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 12 जिलों सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। इसके अलावा पूरे हरियाणा में कोहरा छाएगा। वहीं कोहरे व ठंड का असर ट्रेनों व सड़क यातायात पर पड़ रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनें कई घंटे देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार कोल्ड डे तब माना है जब लगातार दो दिनों तक किसी स्थान का न्यूनतम तापमान 10 ℃ से कम हो जाता है, जबकि अधिकतम तापमान (या दिन का तापमान) सामान्य से 4.5 से 6.4 ℃ कम हो जाता है। औसत तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7°C नीचे दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 18°C रिकॉर्ड हुआ है। वहीं राज्य में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल (महेंद्रगढ़) में 5.5°C दर्ज किया गया। हरियाणा के 15 शहरों में तापमान 16 डिग्री से नीचे रहा इसमें अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, रोहतक, चरखीदादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, पानीपत, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिले शामिल हैं। मौसम एक्सपर्ट ने बताया, आने वाले दिनों में मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 जनवरी से 7 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। 3 और 4 जनवरी को भी कई स्थानों पर घना कोहरा और कुछ स्थानों पर शीतलहर जारी रहने की संभावना है। 5 जनवरी के बाद कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन धुंध का असर बना रहेगा।