सोनीपत में CNP पंप के सेल्समैन को बुरी तरह पीटा:पुलिस थाने से लौटते ही 8-10 युवकों ने घेरा, डंडों से किए वार, कैश छीना

Spread the love

सोनीपत के सेक्टर-7 स्थित गेल CNG पंप के पास आपसी विवाद के बाद मारपीट और लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी। पीड़ित सेल्समैन की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना सेक्टर-27 पुलिस ने श्याम और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राई के गांव जाजल के रहने वाले सज्जन कुमार ने बताया कि वह 9 वर्षों से गेल कंपनी के सेक्टर-7 स्थित CNG पंप पर सेल्समैन है। शाम के समय साथ काम करने वाले श्याम के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामला बढ़ने पर हर्ष नामक युवक ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत करवाया। इसके बाद सज्जन कुमार घर चले गए। थाने बुलाकर कराया गया इंतजार घटना के बाद श्याम ने थाना सेक्टर-27 में शिकायत दी। पुलिस ने सज्जन कुमार को थाने बुलाया। जांच अधिकारी ने श्याम से फोन पर संपर्क किया, लेकिन उसने खुद को शादी में व्यस्त बताया। इसके बाद सज्जन कुमार को समय देकर थाने से भेज दिया गया।
घर लौटते समय घात लगाकर हमला थाने से निकलने के बाद जब सज्जन कुमार दोपहर करीब 2:30 बजे पंप से गांव लौट रहे थे, तभी पंप से लगभग 200 मीटर आगे 8-10 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने डंडों से कमर पर वार किए और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। उन्होंने श्याम से दुश्मनी न रखने और दोबारा झगड़ा करने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी देकर फरार, नकदी भी गायब पीड़ित के अनुसार हमलावर खुद को श्याम का दोस्त बता रहे थे। मारपीट के बाद आरोपी स्कॉर्पियो और थार गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए। सज्जन कुमार ने बताया कि उनकी जेब में रखे करीब 6 हजार रुपए भी गायब मिले। मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के अनुसार उन्हें कुल छह चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ पर ऑर्थो, कुछ पर NCCT हेड व फेस सर्जन तथा एक चोट पर सर्जन की राय लेने की सलाह दी गई है। पुलिस जांच में आरोप सही पाए गए पुलिस ने 2 फरवरी को डीडी दर्ज कर 4 फरवरी को घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। स्थानीय लोगों से पूछताछ और मेडिकल रिपोर्ट के अवलोकन के बाद शिकायत के तथ्य सही पाए गए। थाना सेक्टर-27 सोनीपत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(3), 126(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच एएसआई प्रदीप को सौंपी गई है। पुलिस बोली—जांच जारी, आरोपी जल्द होंगे काबू पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।