रोहतक में ट्रक का CNG-डीजल टैंक फटा:फर्नीचर के शोरुम में लगी आग; ड्राइवर-हेल्पर कूदकर बचाई अपनी जान

Spread the love

रोहतक शहर में तिलियार झील के सामने सड़क से गुजर रहे एक ट्रक का टायर फट गया। जिसके बाद सीएनजी टैंक व डीजल की टंकी फटी और आग लग गई। गैस व डीजल की टंकी फटने के कारण साथ लगते फर्नीचर के शोरुम में आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। ड्राइवर और हेल्पर कूदकर फरार तिलियार झील के सामने से सुबह करीब 8 बजे एक ट्रक गुजर रहा था। ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिसके कारण ट्रक में लगा सीएनजी का टैंक व डीजल की टंकी भी फट गई और उसने आग पकड़ ली। हादसे के दौरान ट्रक का ड्राइवर व उसका हेल्पर कूदकर मौके से फरार हो गए। वहीं, आग की लपटे साथ लगते फर्नीचर के शोरुम में लग गई। शोरुम में रखा सामान जला आग लगने के कारण शोरुम में रखा सामान जलने लगा। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब 7-8 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने नहीं दिखाई मुस्तैदी
घटनास्थल पर मौजूद यशपाल देशवाल ने बताया कि पड़ोस की रहने वाली एक महिला घूमने आई थी, जिसने बताया कि पहले ट्रक में आग लगी थी। ट्रक का ड्राइवर कूदकर भाग गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दूर से ही आग बुझाने का प्रयास करती रही। यशपाल देशवाल ने कहा कि अगर फायर ब्रिगेड शोरुम की तरफ से या ट्रक के आगे से आग बुझाती तो शायद शोरुम में नुकसान कम होता। लेकिन टीम दूर से ही पानी मारती रही। फायर ब्रिगेड मुस्तैदी दिखाती तो आग बढ़ने से रोकी जा सकती थी। ट्रक के कारण शोरुम में लगी आग
शोरुम के मालिक नरेंद्र मलिक ने बताया कि करीब दो साल पहले तिलियार झील के सामने सोलर, प्लाईवुड व सेनेटरी का शोरुम बनाया था। सुबह सूचना मिली कि एक ट्रक में हुए सीएनजी ब्लास्ट के कारण उसके शोरुम में आग लग गई। सूचना के बाद वह घर से भागा और मौके पर पहुंचा। नरेंद्र मलिक ने बताया कि मौके पर आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी आई, जो दूर से ही ट्रक में लगी आग को बुझाने का प्रयास करने लगी। ट्रक के कैबिन में आग लगी हुई थी। अगर समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती और आग को रोकने का प्रयास करती तो नुकसान नहीं होता। शोरुम में करोड़ों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद एकत्रित हो गई भीड़
ट्रक व शोरुम में लगी आग की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रास्ते को ब्लॉक करवाया। वहीं, आग लगी देख लोगों की भीड़ भी आसपास जमा हो गई। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम भी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास करती रही। सामने था पेट्रोल पंप, हो सकता था बड़ा हादसा
ट्रक में आग जिस जगह लगी, उसके सामने पर्यटन विभाग का सरकारी पेट्रोल पंप भी है। अगर ट्रक की आग पेट्रोल पंप की तरफ बढ़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन गनीमत रही कि पेट्रोल पंप की तरफ आग नहीं आई। वहीं, ट्रक आग लगने के कारण पूरी तरह से जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
फायर ऑफिसर संजीव डागर ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे मैसेज आया कि ट्रक में आग लगी हुई है। आग की सूचना पर टीम तुरंत गाड़ी लेकर निकली। टीम ने मौके पर पहुंचते ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। फायर विभाग की 7 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। अगर जरूरत पड़ी तो ओर गाड़ियां भी बुलाई जा सकती है।