देशभर में आज 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वह सुबह 10 बजे झंडा फहराएंगे। इस कार्यक्रम की थीम वंदे मातरम् के 150 वर्ष और आत्मनिर्भर भारत रखी गई है। राज्यपाल असीम घोष पंचकूला में झंडा फहराएंगे। इसी तरह, मंत्री अनिल विज को यमुनानगर में झंडा फहराने की जिम्मेदारी दी गई है। हाल ही में बनाए गए 23वें नए जिले हांसी में मनोहर लाल खट्टर झंडा फहराएंगे। अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और केंद्रीय मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है। मार्च पास्ट में 11 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी
गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में मार्च-पास्ट में कुल 11 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। इनमें हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन की महिला पुलिस टुकड़ी, गुरुग्राम महिला पुलिस, गुरुग्राम पुलिस की पुरुष टुकड़ी, हरियाणा पुलिस अकादमी से पुलिस बल की दो टुकड़ियां, होमगार्ड, ट्रैफिक पुलिस, स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC), NCC गर्ल्स, प्रजातंत्र के प्रहरी और सिविल डिफेंस की टुकड़ियां शामिल है। इसके अलावा, स्कूल-कॉलेज के छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुती दी जाएंगी। DIG को प्रेसिडेंट मेडल मिलेगा
गणतंत्र दिवस से पहले गृह मंत्रालय ने हरियाणा पुलिस के 12 अधिकारियों के प्रेसिडेंट मेडल और एक्सीलेंट सर्विस के लिए पुलिस मेडल की लिस्ट जारी की। फरीदाबाद के जॉइंट पुलिस कमिश्नर DIG राजेश दुग्गल को प्रेसिडेंट मेडल के लिए चुना गया है। रोहतक के IG सिमरदीप सिंह, स्टेट क्राइम ब्रांच के SP सुनील कुमार, गुरुग्राम में ACP सुखबीर सिंह, हिसार के इंस्पेक्टर कंवरपाल, मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी के इंस्पेक्टर नरेश कुमार, गुरुग्राम STF में तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, फरीदाबाद के सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार को एक्सीलेंट सर्विस के लिए पुलिस मेडल मिलेगा। इनके अलावा फरीदाबाद के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान, चौथी इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) में तैनात इंस्पेक्टर गुगन राम, कैथल की सब इंस्पेक्टर रेखा रानी और CID में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गौरव शर्मा को भी एक्सीलेंट सर्विस के लिए पुलिस मेडल मिलेगा।
गणतंत्र दिवस पर CM गुरुग्राम में झंडा फहराएंगे:गवर्नर पंचकूला, विज यमुनानगर, खट्टर नए जिले हांसी जाएंगे; देखें सभी 23 जिलों की लिस्ट
