गुरुग्राम में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह द्वारा सीएम सैनी को कहा गया था कि अहीरवाल की इच्छा है कि मुख्यमंत्री हमारे शहर का होना चाहिए, अहीरवाल की इस इच्छा को पूरी करने के लिए आप गुरुग्राम से चुनाव लड़ लीजिए, क्योंकि मुझे पार्टी कभी सीएम नहीं बनाएगी। अब मुख्यमंत्री द्वारा गुरुग्राम से चुनाव लड़ने के बयान को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस नेता वर्धन यादव ने वीडियो जारी कर राव नरबीर पर अहीरवाल के शौर्य का अपमान करने का आरोप लगाया। वर्धन यादव ने कहा कि अहीरवाल को इंपोर्टेड मुख्यमंत्री की जरूरत नहीं है। अहीरवाल की जनता स्थानीय नेता को ही विधायक और मुख्यमंत्री चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राव नरबीर ने अहीरवाल के शौर्य और राजनीति को भाजपा के चरणों में विसर्जित कर दिया है। दक्षिण हरियाणा वो एतिहासिक भूमि है, जिसने हमेशा मुख्यमंत्री बनाया है। जब भी कोई मुख्यमंत्री दक्षिण हरियाणा से बनेगा, वो अहीरवाल का ही होगा। वर्धन राव ने कहा कि आप इस बात की फिक्र कीजिए कि आप कहां से चुनाव लड़ना पसंद करेंगे, क्योंकि आपके इस कायरतापूर्वक बयान के कारण अहीरवाल की जनता विधायक और सांसद तो भूल ही जाइए, किसी गांव का सरपंच तक आपको नहीं चुनेगी। यहां जानिए विकसित बादशाहपुर रैली में नरबीर ने क्या कहा था… अहीरवाल की पुरानी इच्छा, हमारा मुख्यमंत्री बने: अहीरवाल के लोग दशकों से यह इच्छा रखते हैं कि उनके क्षेत्र से कोई मुख्यमंत्री बने। बहुत नेता मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखते हुए चले गए, कुछ जाने वाले हैं। इसलिए मुख्यमंत्री जी आप गुरुग्राम से अगला चुनाव लड़े, ताकि यहां के लोगों की इच्छा पूरी हो सकें। मुझे पार्टी मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी: उन्होंने ये भी कहा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं बन सका और न ही पार्टी मुझे मुख्यमंत्री बनाएगी। मुख्यमंत्री गुरुग्राम से चुनाव लड़ेंगे, तो अहीरवाल क्षेत्र को अपना मुख्यमंत्री मिल सकेगा। रोहतक के मनोहर करनाल से चुनाव लड़े: मनोहर लाल रोहतक के रहने वाले, लेकिन वे करनाल से चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री बने, तो करनाल वाले उन्हें अपना बताने लगे, अब अहीरवाल की बारी है। मुख्यमंत्री गुरुग्राम से चुनाव लड़ेंगे, तो हम कह सकेंगे कि हमारा मुख्यमंत्री है। सीएम ने कहा- हरियाणा का मुख्यमंत्री हूं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच पर ही राव नरबीर को जवाब दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मुख्यमंत्री बनता है, ये एक क्षेत्र का नहीं, ये पूरे हरियाणा प्रदेश का बनता है। मैं भी पूरे हरियाणा की सीएम हूं। मुख्यमंत्री ने बादशाहपुर में करवाए कार्य भी गिनवाए कि हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के 11 वर्षों में बादशाहपुर विधानसभा में 15 हजार 166 करोड़ रुपए खर्च किया है। जबकि कांग्रेस ने अपने दस साल के शासन में 967 करोड़ रुपए खर्च किए।
गुरुग्राम से CM सैनी लड़े चुनाव, अहीरवाल की मांग:राव नरबीर के बयान पर बिफरे वर्धन यादव, बोले- जनता सरपंच भी नहीं चुनेगी
