मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। सीएम ने पूछा- कौन-कौन गुड़ लगाता है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुंह से कुछ ऐसी बात निकली, जिस पर विपक्ष को उन्हें घेरने का मौका मिल गया है। क्रिकेट की भाषा में इसे यूं भी कह सकते है कि सीएम ने कांग्रेस को फुलटॉस बॉल डाल दी है। दरअसल, सीएम दो दिन पहले मंगलवार को बैतूल आए थे। यहां उन्होंने कहा कि बैतूल में गुड़ बहुत अच्छा होता है। ऐसे में गुड़ के उत्पादन को बढ़ाने के लिए एक क्लस्टर बनाना चाहिए। बताओ कौन-कौन गुड़ लगाता है, जिनकी अपनी खेती होती है। सीएम की इस बात पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर लिखा- मुख्यमंत्री जी, इसमें आपकी गलती नहीं है। आप कभी खेतों में गए नहीं, किसानों से संवाद किया नहीं, इसलिए स्वाभाविक है कि आपको यह जानकारी नहीं होगी कि गुड़ खेत में नहीं उगता। इधर, सीएम की बात सुनकर मुलताई में अनिल सोनी नाम का शख्स एसडीएम के पास पहुंच गया और गुड़ के बीज उपलब्ध कराने की मांग कर डाली। उसने बाकायदा इसके लिए ज्ञापन भी सौंपा। अब बात निकली तो राजस्थान तक पहुंची। यहां केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। निशाने पर थे राहुल गांधी। शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल बाबा कभी खेतों में गए हो क्या ? कहते हैं गुड़ कहां लगता है, ये आता कहां से है। अब खरी बात ये है कि किसानों के नाम पर राजनीति तो खूब होती है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक खुद को किसान हितैषी बताता है। लेकिन किसानों के हालात तो नहीं बदल रहे। ऐसे में सरकारों को उन किसानों की सुध लेनी चाहिए, जिनकी मेहनत का गुड़ गोबर हो रहा है। स्वागत में फजीहत, नेता जी का मंच गिरा
देवास में कांग्रेस का मंच टूट गया। जिससे अपने नेता का स्वागत करने उमड़े कार्यकर्ता नेता समेत धड़ाम से नीचे गिर पड़े। हालांकि अच्छी बात ये रही कि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। लेकिन इस घटना ने कांग्रेस की फजीहत जरूर करा दी। हुआ यूं कि युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया देवास पहुंचे थे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-ढमाके बजे, आतिशबाजी की गई। नेता जी को बड़ी सी माला पहनाई गई। नेता जी के स्वागत के उत्साह में मंच पर भीड़ जमा हो गई। जिससे मंच वजन नहीं सह पाया और टूट गया। जिससे ये हादसा हो गया। अब लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। कोई कह रहा है कि अध्यक्ष ने सोचा भी नहीं होगा कि उनका ऐसा इस्तकबाल होगा। किसी ने कहा- कार्यकर्ताओं का जोश है। सब चलता है। कलेक्टर ने पटवारियों को लगाई लताड़
अपनी वर्किंग स्टाइल को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ‘पुष्पा’ स्टाइल में नजर आए। उन्होंने कहा- ये मत समझना कि मैं झुक जाऊंगा। झुकने वाला मैं हूं नहीं। दरअसल, कलेक्टर वानखेड़े बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे पटवारियों पर भड़क गए। उन्होंने पटवारियों से कहा- आप लोगों को लग रहा है कि दो-तीन नेताओं के चक्कर में आप साठ लोग आओगे और मेरे पर दबाव बनाओगे। मैं नहीं सुनूंगा। हाल ही में कलेक्टर का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें वो लापरवाही को लेकर एक पटवारी को निलंबित करते नजर आए थे। इस कार्रवाई के विरोध में पटवारी मिलकर कलेक्टर से मिलने आए थे। कलेक्टर ने कहा कि किसी मुद्दे पर बात करनी थी तो तीन-चार प्रतिनिधि आ सकते थे, लेकिन बार-बार झुंड बनाकर आना न केवल गलत है, बल्कि यह प्रशासन पर जानबूझकर दबाव बनाने की कोशिश है। इस तरह से झुंड बनाकर आना न केवल अवैधानिक है बल्कि जनता के साथ धोखा भी है। उन्होंने कहा- मैं पैसों के लिए काम नहीं करता, हम सब जनता के लिए काम करते हैं। जनता के दुख देखेंगे तो गुस्सा आएगा और कार्रवाई भी होगी। इंतहा हो गई इंतजार की.. भड़क गए सांसद
राजगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान हर कोई उस वक्त हैरान रह गया, जब भाजपा सांसद रोडमल नागर ने सबके सामने अधिकारियों के पैर छू लिए। हालांकि ये उनका गुस्सा था। ऐसा करके उन्होंने अपना विरोध जताया। मामला जिले के एक गांव में जल अर्पण कार्यक्रम का है। सांसद यहां पहले ही पहुंच गए थे, जबकि मेहमान बनकर दिल्ली से आए अफसर लेट हो गए। इस पर सांसद इस कदर बिगड़े कि उन्होंने अफसरों से कह दिया- मुझे बेवकूफ की तरह डेढ़ घंटे इंतजार कराया गया। सांसद से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं थी, बल्कि जल जीवन मिशन के प्रोजेक्ट में हो रही देरी को लेकर थी। इनपुट सहयोग – इर्शाद हिंदुस्तानी (बैतूल), अशोक पटेल (देवास), राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), मनीष सोनी (राजगढ़)
ये भी पढ़ें –
खुद को मूंछों में देखकर धीरेंद्र शास्त्री चौंक गए: सांसद की महिलाओं को सलाह- थोड़ी रंगदारी दिखाओ पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपनी खुद की मूंछ वाली फोटो देखकर चौंक गए। दरअसल, मुंबई में कथा के दौरान एक भक्त पंडित धीरेंद्र शास्त्री की मूंछ वाली फोटो लहरा रहा था। इस पर नजर पड़ी तो धीरेंद्र शास्त्री ने पूछ लिया- भैया तुमने हमारी फोटो में मूंछ क्यों लगा दी। पूरी खबर पढ़ें
गलती कर बैठे सीएम, पूछा- गुड़ कौन-कौन लगाता है:’पुष्पा’ स्टाइल में बोले कलेक्टर- मैं झुकेगा नहीं; कांग्रेस का मंच टूटा, नेता जी गिरे धड़ाम
