मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। विधानसभा के बजट सत्र की हंगामेदार शुरूआत
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीच में हस्तक्षेप किया। उन्होंने नल-जल योजना और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का जिक्र न होने पर आपत्ति जताई। इसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच भी राज्यपाल ने अपना अभिभाषण जारी रखा, लेकिन शोर-शराबे के चलते सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई। इधर, कांग्रेस अब कर्ज के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार कर्ज लेकर घी पी रही है। इस पर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने मजाकिया अंदाज में पलटवार किया। उन्होंने कहा- जिसके पास घी होगा, वो घी पिएगा और जिसके पास पानी होगा, वो पानी पिएगा। दरअसल, कांग्रेस ने सदन में सरकार को घेरने की तगड़ी रणनीति बनाई है। पहले दिन का हंगामा तो बस ट्रेलर था, पूरी फिल्म अभी बाकी है। अब देखना ये होगा कि आगे चलकर कौन किसे पानी पिलाता है। सीएम को लेकर कुमार विश्वास ने कह दी बड़ी बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से एक बार फिर मंच पर मिस्टेक हो गई। वे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का नाम भूल गए और उन्हें नरोत्तम शर्मा कहकर संबोधित कर दिया। हालांकि, उन्होंने उसी क्षण गलती सुधार भी ली। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह शक्ति पीठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में पहुंचे थे। यहां उन्होंने इस शक्ति पीठ के निर्माण और विकास को लेकर नरोत्तम मिश्रा की जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान कथावाचक कुमार विश्वास की कथा भी हुई। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को लेकर कहा- आप मुख्यमंत्री बने हैं, लोगों को बहुत आनंद मिलेगा, लेकिन इसका जरा सा भी अपयश पीने का समय आएगा तो आपको पीना पड़ेगा। आप शंकर के प्रतिनिधि हैं। आप शंकर के लोक से आए हैं। अब लोग कह रहे हैं कि ये बात तो खरी है। सत्ता में अमृत के साथ विष भी मिलता है। संदेश साफ है- मोहन को नीलकंठ भी बनना होगा। कुबेरेश्वर धाम में भीड़ देखकर मंत्री विजयवर्गीय हैरान
सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अलग अंदाज में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले सीहोर की पहचान यहां की कचोरी से होती थी, लेकिन अब सीहोर पंडित प्रदीप मिश्रा के नाम से पहचाना जाता है। कुबेरेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखकर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि वे राजनीति में काम करते हैं और जानते हैं कि सभा के लिए भीड़ कैसे जुटाई जाती है, लेकिन यहां हर तरफ लोग नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सनातन की शक्ति है और भक्ति की ताकत है। मंत्री विजयवर्गीय के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद लोग चुटकी भी ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि नेता तो आखिर नेता ही होते हैं। जहां भी जाएं, नजरें भीड़ पर ही टिक जाती हैं। कांग्रेस विधायक ने घोड़े पर बैठकर की हर्ष फायरिंग
श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे हर्ष फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विधायक महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली शिव बारात में शामिल हुए थे। इस दौरान वे घोड़े पर सवार थे और इसी बीच उन्होंने फायरिंग की। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हर्ष फायरिंग प्रतिबंधित है और नियम-कानून के तहत इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। वैसे कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल अपने बयानों और कार्यों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। एक बार फिर वे इसी वजह से चर्चा में आ गए हैं। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), सलिल श्रीवास्तव (डबरा), महेंद्र सिंह (सीहोर), कुलदीप शर्मा (श्योपुर) ये भी पढ़ें –
सज-धज कर आईं विधायक, लूट लिया मंच: मंत्री से बोले सीएम-आपकी मांगें हनुमान की पूंछ जैसी लंबी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब खंडवा पहुंचे, तो उनके मंच पर पंधाना विधायक छाया मोरे आदिवासी संस्कृति के रंग में नजर आईं। उन्होंने मंच पर पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किया। उनके पहनावे और साज-सज्जा से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने मंच से ही उनकी सराहना भी की। पूरी खबर पढ़ें
सीएम से फिर मिस्टेक, अब नरोत्तम मिश्रा का नाम भूले:मंत्री को याद आया, कैसे भीड़ लाते हैं; भाजपा विधायक बोले-जिसके पास घी, वो घी पीयेगा
