हरियाणा में कल-परसों फिर बादल बरसेंगे:आंधी-बारिश का अलर्ट, 40-50 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, मार्च में 19 प्रतिशत अधिक बरसात हुई

Spread the love

हरियाणा में गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है। बता दें कि मार्च में एक के बाद एक कई पश्चिमी विक्षोभ आए, जिसके प्रभाव से हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में मार्च महीने में 19 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। प्रदेश में इस महीने औसतन करीब 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य (15.1 मिमी) से ज्यादा है। सबसे ज्यादा बारिश रोहतक और रेवाड़ी जिले में हुई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन दिन का तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। आने वाले दिनों में हवाओं की दिशा बदलने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट… रोहतक-रेवाड़ी में सबसे ज्यादा बारिश
हरियाणा में मार्च 2026 के दौरान मौसम ने कई बार करवट ली और इसका असर बारिश के आंकड़ों में साफ दिखा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस महीने औसतन करीब 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य (15.1 मिमी) से ज्यादा है। यानी पूरे प्रदेश में कुल मिलाकर करीब 19% अधिक बारिश हुई। मार्च महीने में रोहतक में सबसे ज्यादा 37.9 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा रेवाड़ी में 36.8 मिमी, चरखी दादरी में 36.0 मिमी, भिवानी में 26.8 मिमी, पलवल में 23.0 मिमी बारिश हुई। सिरसा-जींद में सबसे कम बारिश
कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही। इसमें सिरसा में 5.2 मिमी सबसे कम बारिश हुई। जींद में 6.4 मिमी, फतेहाबाद में 7.3 मिमी, अंबाला में 11.0 मिमी और यमुनानगर 19.8 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 33 मिमी से कम रही।