हरियाणा के नूंह जिले के बड़का अलीमुद्दीन गांव में बुधवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाचा और भतीजों के बीच हुए इस संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक के लिए रेफर किया गया है। घटना रोजका मेव थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत महिलाओं के बीच पानी भरने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। बुधवार शाम करीब पांच बजे दो पक्षों में पानी भरने लेकर कहासुनी हो गई। महिलाओं की यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि, इसमें दोनों पक्षों के पुरुष भी आ गए। चाचा और भतीजों के बीच हुआ संघर्ष एक ही परिवार के दो पक्षों में शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि चाचा इशू और उसके परिवार के सदस्यों ने मिलकर भतीजों पर लाठी-डंडों, फरसे और कस्सी जैसे धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में गांव निवासी राजुद्दीन के पुत्र आमीन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमले में आमीन का भाई तारीफ उर्फ टूंडल भी बुरी तरह घायल हो गया। उसके सिर में फरसे से गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंचे लोगों ने किया बीच-बचाव का प्रयास घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। रोजका मेव थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि, पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में पानी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के शव को नूंह सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
नूंह में चाचा-भतीजों में संघर्ष, एक की मौत:एक युवक गंभीर घायल, धारदार हथियार चले, पानी को लेकर महिलाओं में हुई थी कहासुनी
