नूंह: जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव लाहबास में गोमांस काटने की सूचना पर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जुम्मे की नमाज के बाद भड़की इस हिंसा में जमकर लाठी-डंडे चले और छतों से पथराव किया गया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है और ग्रामीण दहशत के साये में हैं। लाहबास निवासी खालिद ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप लाहबास के रहने वाले खालिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में कुछ लोगों द्वारा गोमांस काटे जाने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा था। उसने जब आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो विवाद शुरू हो गया। खालिद का आरोप है कि इस दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया। एक युवक ने उन पर चाकू फेंका, जो उनके पैर में लगा, वहीं दूसरे आरोपी ने डंडे से हमला कर उनकी उंगली तोड़ दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। छतों से हुआ पथराव, घरों में दुबके ग्रामीण विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि लाठी-डंडों के साथ-साथ छतों से पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई इस पत्थरबाजी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं व बच्चों को जान बचाने के लिए घरों में छिपना पड़ा। सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस बोली: स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी पिनगवां थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर माहौल को शांत करा दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस टीम गांव में सतर्कता बरत रही है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोखर में अवशेष फेंकने का आरोप, सख्त कार्रवाई की मांग पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुहार लगाई है कि गांव के एक पोखर में गोमांस से जुड़े अवशेष फेंके जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। खालिद के अनुसार, उन्होंने रात करीब 9 बजे ही थाने में शिकायत दे दी थी, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
नूंह में दो पक्षों में झड़प, छतों से पथराव:गोमांस को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से हमला; महिलाएं-बच्चे घरों में कैद
