दिल्ली में भाजपा-AAP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प:पालम अग्निकांड की शोकसभा में पहुंचे केजरीवाल, बोले- BJP पीड़ितों से नहीं मिलने दे रही

Spread the love

दिल्ली के पालम इलाके में हुए अग्निकांड में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत के बाद गुरुवार को शोकसभा हुई। इसमें आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। शोकसभा में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, विधायक आतिशी और प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे थे। भाजपा विधायक कुलदीप सोलंकी भी शोकसभा में शामिल हुए थे। इस दौरान सौरभ भारद्वाज के एक वीडियो दिखाने के बाद भाजपा और आप कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक कुलदीप सोलंकी के गुंडों ने मुझे कुर्सी फेंक के मारी। झड़प के बाद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि BJP को पीड़ितों की चिंता नहीं है और कोई पीड़ितों से सहानुभूति जताने आता है तो भाजपा वाले किसी को उनके रिश्तेदारों से मिलने भी नहीं दे रहे। केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है और वह पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताने आए हैं। अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो लोगों की जान बचाई जा सकती थी। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की सही जांच की मांग की। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… भारद्वाज के वीडियो दिखाने के बाद विवाद शुरू हुआ पालम में बुधवार को हुए अग्निकांड के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता लगातार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आने वाले थे। उनके आने से पहले सौरभ भारद्वाज और बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी भी शोकसभा में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे थे। इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो दिखाया, जिसमें बचाव कार्य के दौरान हाइड्रोलिक मशीन के फेल होने का दावा किया गया। इस पर उन्होंने प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वीडियो को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गया, जिससे शोकसभा का माहौल प्रभावित हो गया। सौरभ का आरोप- मुझे कुर्सी फेंक कर मारी AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने घटना के बाद X पर लिखा- ये शोक सभा है। ये कुर्सी भाजपा के विधायक कुलदीप सोलंकी के गुण्डों ने मुझे फेंक के मारी। मुझे नहीं लगी, हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर में लगी , वो घायल हुए सोचिए एक परिवार के 9 लोग इस भाजपा सरकार की लापरवाही से मर गए और शोकसभा में अरविंद केजरीवाल जी आ रहे थे ये भाजपा की मानसिकता है। दिल्ली में 4 मंजिला बिल्डिंग में आग, 9 मौतें दिल्ली के पालम स्थित साध नगर में एक रिहायशी 4 मंजिला बिल्डिंग में बुधवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। 2 लोगों ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग से छलांग लगा दी। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के कर्मियों ने 10 लोगों का रेक्स्यू किया है। इनमें 3 लोग घायल हैं। करीब 30 फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और तेजी से फैल गई। इमारत में उस समय 10-15 लोग मौजूद थे। इनमें कुछ शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।