हरियाणा कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग के बाद घमासान:पांचों विधायकों को शोकॉज नोटिस भेजेगी पार्टी, MLA बोले- मैं जवाब दूंगा; सेतिया चंडीगढ़ में धरने पर बैठेंगे

Spread the love

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध की जीत के बाद भी हाईकमान खुश नहीं है। इसकी सीधी वजह 5 विधायकों द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग है। हालांकि, अभी तक इन पांच विधायकों के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अभी इन विधायकों को सीधे सस्पेंड करने के बजाय कारण बताओ नोटिस भेजेगी। इससे यह संदेश जाएगा कि पार्टी इस मामले पर गंभीर है। चूंकि राज्यसभा की सीट कांग्रेस के खाते में आ गई है, इसलिए नोटिस के बाद इन्हें चेतावनी देकर छोड़ा भी जा सकता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दैनिक भास्कर एप टीम से बातचीत में कहा- सभी विधायकों को पार्टी लाइन में वोट करने के निर्देश थे। सभी विधायकों को शिमला में दो दिन ट्रेनिंग भी दी गई ताकि कोई चूक न हो। क्रॉस वोटिंग का मामला सोची-समझी रणनीति के तहत हुआ है, यह गलती नहीं है। दूसरे राज्यों में भी हाईकमान ने सख्त फैसले लिए हैं, आने वाले दिनों में हरियाणा में भी सख्त कार्रवाई होगी। उधर, सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया आज सुबह 10 बजे से चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जगह-जगह कहा जा रहा है कि मेरा वोट रद्द हो गया। मेरे जैसे कई लाेग हैं। मेरा नाम इसलिए आया कि मेरे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अच्छे संबंध हैं? मैं धरना देकर अपने नेताओं से रिक्वेस्ट करूंगा कि जिन लोगों ने कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया है, उनके नाम स्पष्ट सार्वजनिक किए जाएं। एक सीट भाजपा, एक कांग्रेस को मिली जानिए क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द के आरोपों पर कांग्रेस विधायकों ने क्या कहा… मोहम्मद इजराइल बोले- नोटिस आया तो जवाब दूंगा क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर दैनिक भास्कर एप की टीम ने हथीन विधायक मोहम्मद इजराइल से बात की। उन्होंने कहा- “मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वह झूठे और निराधार हैं। मैंने हुड्‌डा साहब को अपना वोट दिखाया था। यदि पार्टी की ओर से कोई नोटिस आता है तो मैं उसका जवाब दूंगा।” रेणु बाला बोलीं- आरोप बेबुनियाद, जल्द क्लियर होगा सढ़ौरा से कांग्रेस की विधायक रेणु बाला ने कहा कि हमने प्रभारी बीके हरिप्रसाद के सामने वोट डाला है। ये जो आरोप लगाए जा रहे हैं, बेबुनियाद हैं। हम कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। दो दिन में स्थिति क्लियर हो जाएगी। कांग्रेस MLA वत्स बोले- पार्टी में रहूंगा या नहीं वक्त बताएगा बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के नाम की वोट रद्द होने की चर्चा चली। हालांकि, बाद में भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने सफाई दी कि उनकी वोट रद्द नहीं हुई। एक मीडिया चैनल से बातचीत में कुलदीप वत्स ने कहा कि कांग्रेस में काम करने वालों की कदर नहीं होती, कांग्रेस में डुबाने वालों की पूछ है। कांग्रेस के गलत दिशा में जाने का मुख्य कारण यही है। वोट रद्द होने के सवाल पर वत्स ने कहा कि मुझे आज बहुत पीड़ा हो रही है। अब कांग्रेस सोचेगी कि क्रॉस वोट करने वालों का क्या करना है। मुझे कांग्रेस के नाम से फर्क नहीं पड़ता। मैंने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है, लेकिन इन बातों और कुछ लोगों की वजह से आज दिल में पीड़ा है। कांग्रेस में रहेंगे या नहीं, यह वक्त बताएगा। एक्सपर्ट बोले- हाईकमान को दोनों स्थिति में नुकसान पंचकूला के रहने वाले राजनीतिक विश्लेषक दीपक शर्मा ने बताया कि अगर हाईकमान इस पूरे प्रकरण में सख्ती दिखाता है तो हरियाणा के संगठन में टूट का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, यदि नरमी दिखाता है तो नेतृत्व की कमजोरी का मैसेज पार्टी नेताओं में जाएगा। यानी “हेड यू लूज, टेल्स यू लूज” वाली स्थिति बन रही है। इसलिए संभावना है कि ऐसे विधायकों के खिलाफ तुरंत निष्कासन के बजाय “शो-कॉज नोटिस” दिया जा सकता है। इसके अलावा, संगठन में पावर-शेयरिंग का नया फार्मूला हाईकमान अपना सकता है।