गुरुग्राम में सिटी बस-कार की टक्कर, 1 की मौत:गाड़ी के परखच्चे उड़े, पालम विहार में दोस्त से मिलकर घर लौट रहा था युवक

Spread the love

गुरुग्राम में कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर सीएनजी पेट्रोल पंप के पास सिटी बस ने कार को रौंद दिया। कार ड्राइव कर रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपने दोस्त से मिलकर घर जा रहा था। उसी समय सिटी बस ने उसकी एमेज कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमेज गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार पूरी तरह पिचक गई और सिटी बस की विंडशील्ड भी चकनाचूर हो गई। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही के चलते ये हादसा हुआ। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… निजी कंपनी में काम करता था संभव जानकारी के अनुसार, मृतक संभव निगम एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके पिता अमित निगम का खुद का बिजनेस है। संभव की मां जेनीफर एडवर्ड्स ने बताया कि उनका बेटा अभी युवावस्था में था और परिवार की उम्मीदें उससे जुड़ी थीं। परिवार में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोग बार-बार तेज रफ्तार बसों की शिकायत करते रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुलिस बोली- जल्द बस ड्राइवर गिरफ्तार होगा पालम विहार थाने के जांच अधिकारी पवन ने बताया कि यह हादसा मोलाहेड़ा मोड़ के पास हुआ है। यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुगमन सिटी बस डिपो में ड्राइवर की डिटेल मंगवाई गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।