रोहतक में चीफ कैमिस्ट, अंबाला में सुपरवाइजर रिश्वत लेते गिरफ्तार:फर्म का बेहतर दिखाने के मांगे ढाई लाख, वेतन जारी करने के मांगे ₹2 हजार

Spread the love

रोहतक के भाली आनंदपुर में स्थित हरियाणा सहकारी शुगर मिल के चीफ कैमिस्ट और अंबाला में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को उत्तर प्रदेश के जिला देवरिया निवासी रणजीत सिंह ने शिकायत दी कि शुगर मिल भाली आनंदपुर के चीफ कैमिस्ट मनोज कुमार उससे फर्म के बिल की पेमेंट करने, तैयार की गई चीनी की गुणवत्ता को अनुकूल दर्शान और फर्म के प्रदर्शन को बेहतर दिखाने के बदले ढाई लाख रुपए रिश्वत मांग रहा है। एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा
एसीबी अंबाला की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शिकायतकर्ता रणजीत सिंह जब रिश्वत के रुपए लेकर शुगर मिल भाली आनंदपुर के चीफ कैमिस्ट मनोज कुमार के पास गया और रुपए दिए तो इशारा मिलते ही एसीबी की टीम ने मनोज कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में रोहतक एसीबी कार्यालय में केस दर्ज किया गया। अंबाला से आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को रिश्वत लेते पकड़ा
एसीबी की टीम ने अंबाला में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 2 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा। शिकायतकर्ता सुभाष चंद की पत्नी उषा रानी आंगनबाड़ी हेल्पर का केवाईसी न होने के कारण आईडीबीआई बैंक मुलाना में खाता बंद हो गया था, जिसके कारण 3 महीने का वेतन नहीं मिला। नया खाता खुलवाने के लिए मोहर लगाने, साइन करने और बकाया वेतन नए खाते में डलवाने के लिए आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मीनू ने 4 हजार रुपए रिश्वत के मांगे। इसमें से 2 हजार रुपए 21 रवरी को लिए जा चुके थे और शेष 2 हजार रुपए लेते हुए मीनू को रंगे हाथ पकड़ा गया। मीनू के खिलाफ एसीबी अंबाला में केस दर्ज किया गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी सख्त
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम भ्रष्टाचारियों और रिश्वतखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए हुए है। रिश्वत लेते हुए पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसीबी प्रवक्ता ने आमजन से अपील की कि सरकारी कार्य करने के बदले अगर कोई रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना एसीबी टीम को दें।