उत्तर प्रदेश में दलितों पर हो रहा हमला : चन्द्रशेखर
लखनऊ, 13 जुलाई (हि.स.)। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद चन्द्रशेखर ने उत्तर प्रदेश में दलितों की हो रही हत्या पर सरकार को घेरा है।
उन्होंने दलितों पर हो रहे अत्याचार पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों की जान, इज़्ज़त और अधिकार, तीनों पर हमला हो रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। चन्द्रशेखर ने रविवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि प्रदेश में पिछले चार दिनों में दलित अत्याचारनामा अत्यंत दुख और गहरी चिंता का विषय हैं। इसके बाद प्रदेश में अलग-अलग चार स्थानों पर हुई हत्या का भी जिक्र किया।
उन्हाेंने आठ जुलाई काे इटावा में ग्राम प्रधान शंभू दयाल वाल्मीकि की निर्मम हत्या की बात कही। इसके अगले दिन नाै जुलाई को देवरिया में दलित मज़दूर परमहंस प्रसाद की संदिग्ध परिस्थितियों मृत्यु हाे गई। परिजनों के अनुसार, अपनी मजदूरी के पैसे मांगने पर परमहंस की बर्बर पिटाई की गई, जिससे उनकी माैत हो गई।
इसी तरह 10 जुलाई को आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में मंगई नदी के किनारे स्थित एक कूड़ाघर में 21 वर्षीय दलित युवक योगेश राम का शव रस्सी से लटका मिला। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान मिलें। उसके प्राइवेट पार्ट में सूजन थी। शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान भी पाए गए। मृतक का पैर जमीन से छू रहा था।
इसके अलावा चौथा मामला फिरोजाबाद जिले का है। जहां 11 जुलाई को टूंडला थाना क्षेत्र में मेला देखने गए 13 वर्षीय दलित किशोर मोहित का शव पोस्ट ऑफिस के पास निर्माणाधीन दुकान की छत पर नग्नावस्था में मिला। शर्ट से हाथ बंधे। शर्ट से ही गला घोंटा गया। कुकर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई।
चन्द्रशेखर ने इन मामलों में प्रदेश सरकार से त्वरित न्याय और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
—————–
