हरियाणा के बहुचर्चित 590 करोड़ रुपए के IDFC बैंक फ्रॉड मामले में अब केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने आधिकारिक तौर पर जांच शुरू कर दी है। मामले की अब तक जांच कर रही एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने केस से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड और सबूत CBI की टीम को सौंप दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, CBI की टीम ने केस की फाइलें और साक्ष्य अपने कब्जे में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के आरोप हैं, जिनकी गहराई से जांच की जाएगी। सबसे बड़ा बैंकिंग घोटाला बताया जा रहा है कि इस घोटाले में कई अधिकारियों और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच की जाएगी। ACB द्वारा अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर CBI आगे की कार्रवाई करेगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों और अन्य व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा सकती है। यह मामला हरियाणा के सबसे बड़े बैंकिंग घोटालों में से एक माना जा रहा है, जिसमें सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। CBI के जांच शुरू करने के साथ ही मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की संभावना तेज हो गई है। अब तक 15 गिरफ्तारियां इस आईडीएफसी बैंक फ्रॉड मामले में अब तक 15 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बैंक ने मामले के खुलासे के दो दिन बाद ही 590 करोड़ रुपए सरकार को वापस कर दिए थे। विजिलेंस ने 40 दिन की जांच में कैश, सोना, घड़ियां, प्रॉपर्टी के कागज, मोबाइल, लैपटॉप आदि बरामद किए हैं। हालांकि अब ये सब सबूत एसीबी ने सीबीआई की टीम को सौंप दिए हैं। हालांकि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड विक्रम वधवा से अभी तक पूछताछ नहीं हो पाई है। इसके अलावा कई बड़े नाम आए हैं, उन पर अभी तक कोई कार्रवाई एसीबी ने नहीं की है। 5-7 IAS अफसर रडार पर सूत्रों की मानें तो एसीबी, ईडी, सीबीआई व आयकर विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर 5-6 और आईएएस अफसर रडार पर हैं। इन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। बताया गया है कि जिन विभागों में ये तैनात थे, वहीं से सरकारी फंड के डायवर्जन, वित्तीय अनियमितताओं के सुराग मिले हैं। सरकार ने हाल ही में किए आईएएस के तबादलों में कुछ अधिकारियों को ‘साइड लाइन’ किया गया है। यह भी इसी मामले में कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। इस बीच, हरियाणा और केंद्र सरकार की सहमति के बाद बैंको के घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। दिल्ली में सीबीआई की आर्थिक शाखा ने अज्ञात के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
हरियाणा के IDFC बैंक फ्रॉड केस की CBI जांच शुरू:ACB से लिए सभी दस्तावेज और सबूत, 15 गिरफ्तारियां; मास्टरमाइंड दूर
