पानीपत के मलिक एनक्लेव इलाके में एक बंद मकान से अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। यह घटना तब सामने आई जब मकान मालिक परिवार सहित हिमाचल प्रदेश से अपने घर लौटे। सूचना मिलने पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मलिक एनक्लेव की गली नंबर 2 में डेज होटल के पास रहने वाले दीपक गर्ग पुत्र सतपाल गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) में ट्रकों के स्पेयर पार्ट्स का व्यवसाय करते हैं। उनका परिवार 24 दिसंबर 2025 को घर को ताला लगाकर बिलासपुर चला गया था। 1 जनवरी 2026 की शाम करीब सात बजे जब दीपक गर्ग परिवार सहित पानीपत स्थित अपने घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि कमरे का सामान बिखरा हुआ था। मकान से सटी गैलरी की खिड़की की ग्रिल भी उखड़ी हुई मिली। दीपक गर्ग ने बताया कि जांच करने पर घर से 90,000 रुपए नकद, लगभग एक तोला वजन की सोने की बालियां, दो चांदी की पाजेब और दो चांदी के सिक्के गायब पाए गए। उन्होंने आशंका जताई कि चोरी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई है। दीपक गर्ग की शिकायत पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पानीपत में बंद घर से कैश और जेवर चोरी:नया साल मनाने हिमाचल गया था परिवार; चोर गैलरी की खिड़की तोड़कर घुसे
