करनाल जिले के कैमला गांव के युवक की विदेश में हुई मौत के बाद अब शव को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद मेडिकल रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और वहां की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूरे मामले की जानकारी स्पेन स्थित भारतीय दूतावास को भी दे दी गई है। परिजन और सामाजिक संगठन लगातार कोशिश कर रहे हैं कि शव जल्द गांव पहुंचे, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। कोर्ट से अनुमति की प्रक्रिया जारी
गांव कैमला निवासी मुकेश कुमार स्पेन के बार्सिलोना शहर में रह रहे थे। 4 जनवरी को वह एक रेस्टोरेंट के माध्यम से फूड डिलीवरी का काम कर रहे थे। पहाड़ी इलाके की ओर साइकिल से डिलीवरी लेकर जाते समय रास्ते में चढ़ाई पर उन्हें अचानक घबराहट हुई और वह गिर पड़े। आसपास के लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। तीन महीने पहले पत्नी के साथ गए थे स्पेन
परिजनों के अनुसार मुकेश कुमार करीब तीन महीने पहले अपनी पत्नी सपना के साथ स्पेन गए थे। दोनों बार्सिलोना में रह रहे थे और एक ही रेस्टोरेंट से जुड़े काम कर रहे थे। फिलहाल स्पेन में सिर्फ सपना ही मौजूद हैं, जो सभी औपचारिकताओं को पूरा करने में मदद कर रही हैं। अस्पताल में साथ काम करते-करते हुई थी पहचान
मृतक के पिता मधुबन स्थित अर्पणा अस्पताल में सुपरवाइजर है। पिता देवी सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार और सपना दोनों वहीं काम करते थे। मुकेश करीब 10 साल से अस्पताल के आंखों के विभाग में थे, जबकि सपना करीब 4 साल से ऑप्टिकल विभाग में काम कर रही थीं। यहीं दोनों की जान-पहचान हुई और बाद में उन्होंने एक-दूसरे से शादी करने का फैसला लिया। परिवार की सहमति से कोर्ट मैरिज, विदेश जाकर हालात सुधारने की चाह
परिजनों के मुताबिक दोनों ने दिल्ली में परिवार की सहमति से कोर्ट मैरिज की थी। शादी को करीब डेढ़ साल हो चुके थे। शादी के बाद मुकेश ने विदेश जाकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की इच्छा जताई थी। पिता ने उन्हें गांव में ही रहने की सलाह दी, लेकिन मुकेश अपने फैसले पर अड़े रहे। जमीन बेचकर जुटाए पैसे, करीब 20 लाख का खर्च
देवी सिंह ने बताया कि परिवार ने अपनी जमीन बेचकर मुकेश और सपना के टूरिस्ट वीजा के लिए आवेदन किया था। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए। स्पेन पहुंचने के बाद मुकेश ने पहले मजदूरी की, फिर एक स्टोर पर नौकरी की। कुछ समय बाद वह नौकरी छूट गई, जिसके बाद उन्होंने फूड डिलीवरी का काम शुरू किया। पोस्टमॉर्टम के बाद कोर्ट से अनुमति की प्रक्रिया
परिजन राजबीर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम हो चुका है और मेडिकल रिपोर्ट भी आ गई है। इसके बाद दूतावास के माध्यम से कोर्ट में अनुमति के लिए अर्जी लगाई गई है, जिसमें मेडिकल रिपोर्ट भी भेजी गई है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद ही शव को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। पुलिस करेगी आसपास के सीसीटीवी की जांच
राजबीर ने बताया कि वहां की पुलिस भी मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी, ताकि मौत के असली कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सके। जांच पूरी होने के बाद आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। शव लाने में 10 से 15 लाख खर्च, फंड जुटाने की कोशिश
परिजनों के अनुसार शव को भारत लाने में करीब 10 से 15 लाख रुपए का खर्च बताया जा रहा है। परिवार अपने स्तर पर और लोगों की मदद से फंड इकट्ठा कर रहा है, लेकिन अभी पूरी राशि नहीं जुट पाई है। आर्थिक परेशानी के कारण प्रक्रिया में दिक्कतें आ रही हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने दी सांत्वना, डीसी को दिए निर्देश
हाल ही में 10 जनवरी को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने डीसी करनाल से फोन पर बात कर आवश्यक सहयोग के निर्देश भी दिए। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी प्रक्रिया तेज हुई है। एक सप्ताह में गांव पहुंचने की उम्मीद
परिजनों का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आने वाले एक सप्ताह में शव के भारत पहुंचने की संभावना है। शव गांव कैमला पहुंचने के बाद विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार का कहना है कि मुकेश ही घर की सबसे बड़ी उम्मीद थे और उनके जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
करनाल के युवक की स्पेन में मौत का मामला:शव भारत लाने की तैयारी अंतिम चरण में; पत्नी के साथ गया था विदेश
