ग्वालियर व्यापार मेले से हरियाणा, दिल्ली, यूपी जा रही कारें:25 दिन में 8 हजार गाड़ियों की प्री-बुकिंग, आज से रोड टैक्स में मिलेगी 50% छूट

Spread the love

यदि आप नई गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो ग्वालियर व्यापार मेला इस समय सबसे बेहतर विकल्प बनकर उभरा है। मेले में वाहनों पर रोड टैक्स में 50 फीसदी की छूट दी जा रही है, वहीं डीलर्स की ओर से भी आकर्षक ऑफर मिल रहे हैं। इस बार GST कम होने का लाभ भी सीधे ग्राहकों को मिल रहा है। पिछले साल 2025 के मेले में रोड टैक्स छूट के बाद वैगन-आर LXI CNG की कीमत 6 लाख 57 हजार 80 रुपए थी, जबकि 2026 में लगभग वही ऑफर मिलने के बावजूद यही कार 6 लाख 40 हजार 396 रुपए में उपलब्ध है, यानी ग्राहकों को पिछले साल की तुलना में करीब 17 हजार रुपए का अतिरिक्त फायदा हो रहा है। मेला शुरू होने के बाद 25 दिन में अब तक 8 हजार से अधिक वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। रोड टैक्स छूट का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद 19 जनवरी से टैक्स में छूट मिलना शुरू होगी और इसके साथ ही वाहनों की डिलीवरी भी शुरू कर दी जाएगी। खास बात यह है कि ग्वालियर व्यापार मेले से हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश तक के लोग वाहन खरीदने पहुंच रहे हैं। पढ़िए रिपोर्ट… उज्जैन नहीं, ग्वालियर से खरीद रहे वाहन… ये है वजह
ग्वालियर व्यापार मेला 25 दिसंबर से शुरू हुआ है, जबकि उज्जैन का विक्रमोत्सव मेला 16 जनवरी से शुरू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों मेलों में वाहन खरीद पर 50 फीसदी रोड टैक्स में छूट का ऐलान किया है। उज्जैन मेले में भी कारें सस्ती मिल रही हैं, लेकिन इंदौर और उज्जैन के आसपास के शहरों के लोग लग्जरी कारों के लिए ग्वालियर मेले का रुख कर रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि ग्वालियर मेला पुराना और ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए भरोसेमंद माना जाता है। दूसरा अहम कारण रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़ा है। उज्जैन से वाहन खरीदने पर MP 13 रजिस्ट्रेशन नंबर मिलता है, जिसे 13 अंक से जुड़ी मान्यताओं के कारण कई व्यापारी और कारोबारी शुभ नहीं मानते। वहीं, ग्वालियर से वाहन खरीदने पर MP 07 रजिस्ट्रेशन नंबर मिलता है, जिसे लोग अधिक शुभ मानते हैं। इसी का असर यह है कि पिछले वर्ष 50 लाख से 2 करोड़ रुपए कीमत की 128 लग्जरी कारें ग्वालियर व्यापार मेले से खरीदी गई थीं। मूल निवासी प्रमाण पत्र देना होगा
सामान्य तौर पर दूसरे प्रदेश के लोगों को टैक्स छूट का लाभ नहीं मिलेगा। उत्तर प्रदेश, राजस्थान या अन्य राज्यों के लोग यदि यह छूट लेना चाहते हैं तो उन्हें ग्वालियर में निवास का प्रमाण देना होगा। इसके लिए कम से कम दो साल का किरायानामा, आधार कार्ड में स्थानीय पता या ग्वालियर में रहने वाले किसी रिश्तेदार के नाम से वाहन का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। हालांकि, प्रदेश के अन्य शहर का एड्रेस प्रूफ भी मान्य होगा। जल्द डिलीवरी पर डबल फायदा
ग्वालियर व्यापार मेले में मारुति, टाटा, रेनॉल्ट, महिंद्रा, किया, हुंडई, जीप और सिट्रॉन जैसी प्रमुख कार कंपनियों के स्टॉल लगे हैं। इसके अलावा मर्सिडीज, ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसे लग्जरी ब्रांड्स ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं। इन सभी कंपनियों ने ट्रेड लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया है। मेले में ज्यादातर शोरूम तैयार हो चुके हैं, जबकि कुछ अभी बनाए जा रहे हैं। खास बात यह है कि जल्द डिलीवरी लेने पर ग्राहकों को डबल फायदा मिलेगा। इसके साथ ही मेले में रोड टैक्स छूट का नोटिफिकेशन पहले ही जारी हो चुका है, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा। 121 साल पहले शुरू हुआ था मेला
ग्वालियर व्यापार मेले की शुरुआत 1905 में तत्कालीन महाराज माधवराव सिंधिया प्रथम ने की थी। आज यह मेला 121 वर्ष पुराना हो चुका है। शुरुआत में यह मेला मुख्य रूप से आसपास के किसान, पशु व्यापारी और चरवाहों के लिए होता था, जहां पालतू पशुओं की खरीद-फरोख्त की जाती थी। जैसे-जैसे मेले की ख्याति बढ़ी और यहां मिलने वाली अच्छी नस्ल के पशुओं की चर्चा आसपास के राज्यों तक पहुंची, वैसे-वैसे अन्य राज्यों से भी व्यापारी यहां आने लगे। इस दौरान व्यापारी अपने साथ अन्य व्यापारिक वस्तुएं भी लाने लगे। धीरे-धीरे पशु मेला व्यापार मेले में तब्दील हो गया और आज यह एशिया के सबसे बड़े व्यापार मेलों में से एक माना जाता है। 104 एकड़ भूमि पर लगता है मेला
ग्वालियर मेला मैदान की 104 एकड़ भूमि पर यह मेला किया जाता है। मेला अवधि के दौरान पूरे परिसर को कई सेक्टरों में विभाजित किया जाता है। मेले के प्रमुख आकर्षणों में झूला सेक्टर, ऑटोमोबाइल सेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर, शिल्प बाजार और फूड सेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा घरेलू सामान और पशु संबंधी सेक्टर भी अलग-अलग हिस्सों में बनाए जाते हैं। रोड टैक्स छूट के साथ कंपनियों के भी ऑफर
मेला शोरूम इंचार्ज शुजाउल रहमान के मुताबिक, रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट के साथ-साथ कंपनियों की तरफ से भी कई तरह के ऑफर और छूट दिए जा रहे हैं। मेले में 7 से 8 लाख रुपए की कार पर 29 हजार रुपए की आरटीओ छूट है। इसके अलावा 30 से 40 हजार रुपए के डीलर्स बेनिफिट और हैं। मेले में स्विफ्ट डिजायर और अर्टिगा कार सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। डीलर बोले- पूरे मध्य प्रदेश से आ रहे कस्टमर
मेले में हुंडई शोरूम के इंचार्ज अशोक सिंह ने बताया कि कंपनी रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट के साथ-साथ कई अन्य ऑफर भी दे रही है। इसमें कस्टमर बेनिफिट और एक्सचेंज ऑफर शामिल हैं। लगातार बुकिंग हो रही है। नोटिफिकेशन जारी होते ही ग्राहकों की भीड़ संभालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। लोग सबसे ज्यादा वेन्यू, क्रेटा और ऑरा कार लाइक कर रहे हैं। 300 से 400 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। कस्टमर्स को था मेले में ऑफर का इंतजार
मेले में लगातार ग्राहक आ रहे हैं। बड़ी संख्या में बुकिंग की जा रही है। दतिया निवासी शशिकांत खरे ने बताया कि वह ग्वालियर में सब इंस्पेक्टर रहे हैं। अभी दतिया में रहते हैं। वह काफी समय से कार खरीदने की योजना बना रहे थे, लेकिन ग्वालियर व्यापार मेला में मिलने वाली 50% रोड टैक्स छूट और मोटर्स डीलर्स से मिलने वाले अतिरिक्त बेनिफिट्स ने उनकी रुचि को और बढ़ा दिया।