करनाल जिले के असंध थाना क्षेत्र में सालवन-कुड़लन मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही एक कार बेकाबू होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार में सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका 6 साल का बेटा मामूली रूप से घायल हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए असंध के मोर्च्युरी हाउस में भिजवाया गया। सोमवार दोपहर बाद शव का पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया। बारात से लौटते समय हादसा पानीपत जिले के गांव उरलाना खुर्द से एक बारात रविवार को निसिंग गई थी। इसी बारात में शामिल होने के बाद उरलाना खुर्द गांव के सुप्पन सिंह अपने 6 साल के बेटे और ड्राइवर कर्ण के साथ कार में सवार होकर गांव लौट रहे थे। देर रात जब उनकी कार सालवन-कुड़लन मार्ग पर पहुंची, तो पुलिया के पास अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार कंडक्टर साइड से पुलिया से जा टकराई। पुलिया संकरी होने से नहीं संभल पाई कार परिजनों ने बताया कि कार ड्राइवर कर्ण चला रहा था, जबकि पीछे की सीट पर सुप्पन सिंह और उनका बेटा बैठे हुए थे। पुलिया काफी संकरी होने के कारण ड्राइवर कार को सही तरीके से नियंत्रित नहीं कर सका। टक्कर इतनी तेज थी कि सुप्पन सिंह पीछे की सीट से उछलकर आगे के शीशे से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राइवेट बैंक में करते थे नौकरी हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर कर्ण सुप्पन सिंह को असंध के नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। मृतक सुप्पन सिंह पानीपत के एक प्राइवेट बैंक में कार्यरत थे। उनके असमय निधन से परिवार में शोक का माहौल है। गांव उरलाना खुर्द में भी घटना की खबर फैलते ही मातम छा गया। पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव असंध थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
करनाल में बेकाबू होकर पुलिया से टकराई कार:पिता की मौत, बाल-बाल बचा 6 साल का बेटा, बारात से लौटते समय हादसा
