गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर क्षेत्र में वर्ल्ड कॉलेज के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आरोपी कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव बिरहेड़ा निवासी सपना अपने 16 वर्षीय बेटे कार्तिक और 10 वर्षीय बेटी माही के साथ किसी काम से फर्रुखनगर आई थीं। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे तीनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे वर्ल्ड कॉलेज के नजदीक सड़क पर चल रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बेटी की मौके और बेटे की इलाज के दौरान मौत टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार ड्राइवर बिना रुके मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने माही को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार्तिक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घायल सपना का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सपना के पति एक निजी कंपनी में ठेकेदार के तौर पर काम करते हैं। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से गांव बिरहेड़ा में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस फर्रुखनगर थाने के जांच अधिकारी ASI बलवंत कुमार ने बताया कि अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तक कार की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही वाहन और आरोपी ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गुरुग्राम में कार ने भाई-बहन और मां को मारी टक्कर:बेटी की मौके पर मौत, बेटे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, महिला गंभीर
