हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका बच्चा भी चोटिल हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और हिसार के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव कैमरी निवासी 42 वर्षीय संजय अपने दोस्त ऋषि नगर हिसार निवासी 38 वर्षीय रविंद्र तथा अन्य साथियों के साथ गांव कुलेरी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। दोपहर करीब 3 बजे संजय और रविंद्र कुलेरी में ही रुक गए, जबकि उनके दो अन्य साथी कार से हिसार लौट गए। शाम करीब 4 बजे संजय और रविंद्र गांव कुलेरी निवासी प्रवीण तथा पीके उर्फ विनोद के साथ कार में सवार होकर कुलेरी से अग्रोहा की ओर रवाना हुए। जैसे ही कार मीरपुर मोड़ के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी। अनियंत्रित होकर कार पहले पलटी और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर सामने से आ रही बाइक से भी जा भिड़ी। बाइक सवार परिवार भी चपेट में बाइक पर गांव साहू निवासी प्रमोद अपनी पत्नी और बच्चे के साथ गांव खाराखेड़ी से अपने घर लौट रहे थे। कार के पलटने के बाद बाइक से टकराने से बाइक सवार परिवार दूर जा गिरा और तीनों घायल हो गए। गनीमत रही कि कार की सीधी टक्कर नहीं हुई, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था। दो की मौके पर मौत, दो घायल हादसे के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में बैठे दो युवक प्रवीण और पीके उर्फ विनोद की जान बच गई, हालांकि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कैमरी निवासी संजय और ऋषि नगर निवासी रविंद्र को गंभीर चोटें लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत सभी को बाहर निकाला और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संजय और रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पीके उर्फ विनोद को परिजन हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। कल होगा पोस्टमॉर्टम, पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही अग्रोहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मीरपुर मोड़ पर यातायात नियंत्रण और चेतावनी संकेतक बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
हिसार में पेड़ से टकराई कार, दो की मौत:अचानक हुई बेकाबू, बाइक को मारी टक्कर, दंपती समेत तीन घायल
