करनाल जिले के काछवा फ्लाईओवर पर एक कार पराली से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे के समय कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयर बैग खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे कैथल से अपनी कार में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में काछवा फ्लाईओवर पर उनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्राली चल रही थी, जो पराली से भरी हुई थी। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक सड़क के बीचो-बीच ट्राली चला रहा था। इसी दौरान कार चालक ने ओवरटेक करने के लिए गाड़ी को आगे बढ़ाया। लापरवाही से हुआ हादसा परिवार का कहना है कि ओवरटेक के दौरान ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण कार ट्राली से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयर बैग खुल गए। कार में एक बुजुर्ग महिला, एक बच्ची, एक महिला और दो अन्य लोग सवार थे। सभी को हल्की चोटें आईं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार के कुछ हिस्से ट्राली में भरी पराली में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायलों को पहुंचाया अस्पताल सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि कंट्रोल रूम से वीटी के माध्यम से सड़क हादसे की सूचना मिली थी। कार में सवार परिवार के कुछ लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे में कार को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन किसी की जान नहीं गई। पुलिस ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
करनाल में पराली से भरी ट्रॉली से टकराई कार:एयरबैग्स ने बचाई परिवार के 5 लोगों की जान; कैथल से शादी में जा रहे थे
