कैट ने कार्बोनेटेड पेय को 18 फीसदी जीएसटी के स्लैब में रखने के लिए वित्त मंत्री को लिखा पत्र

Spread the love

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भारतीया ने रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजे गए एक पत्र में कहा कि जब जीएसटी कर प्रणाली का पुनर्गठन किया जा रहा है, तो एक ओर कर स्लैब को पुनर्परिभाषित करना आवश्यक है। दूसरी ओर बहु-आयामी अनुपालनों के बोझ को कम करना इन सुधारों का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। भारतीया ने कहा कि देश के आंतरिक व्यापार तंत्र को मजबूत करने का सुनहरा अवसर है, जिससे विशेष रूप से छोटे खुदरा व्यापारी, किराना स्टोर, फेरीवाले और पान की दुकान चलाने वाले लोग लाभान्वित होंगे हैं। भारतीया ने हंसा रिसर्च के साथ कराए गए कैट अध्ययन का उल्लेख करते हुए बताया कि केवल पेय पदार्थ ही छोटे किराना स्टोरों की बिक्री मात्रा का करीब 30 फीसदी हैं, किंतु वर्तमान में कार्बोनेटेड पेयों पर उच्च कर दर ने उनकी आय को कम कर दिया है।

कैट अध्‍यक्ष ने उल्लेख किया कि वैश्विक स्तर पर पेय पदार्थों पर औसत कर की दर 16-18 फीसदी के बीच है और कार्बोनेटेड पेयों को 18 फीसदी जीएसटी स्लैब में रखने से भारत अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं के अनुरूप होगा तथा घरेलू औपचारिककरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्‍होंने व्यापारिक समुदाय की ओर से आग्रह किया कि प्रस्तावित जीएसटी सुधारों के तहत कार्बोनेटेड पेयों को 18 फीसदी स्लैब में पुनर्वर्गीकृत किया जाए। कैट के अध्‍यक्ष ने कहा कि सरकार का ये कदम छोटे कारोबारियों को राहत देगा और राजस्व में वृद्धि करेगा।

उल्‍लेखनीय है कि वर्तमान में कार्बोनेटेड पेय पदार्थों पर 28 फीसदी जीएसटी के साथ 12 फीसदी का कम्‍पनसेशन सेस भी लगता है। इससे कुल इफेक्टिव रेट 40 फीसदी हो जाता है।