भिवानी पहुंची कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का कांग्रेस पर अटैक:राहुल गांधी की ट्रेनिंग पर बोलीं- इनका हाल तो पतझड़ जैसा होगा; ट्रैक्टर-ट्रॉली बांटी

Spread the love

हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी शनिवार को भिवानी पहुंची। उन्होंने भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने माइनिंग फंड से विभिन्न पंचायतों को ट्रैक्टर, ट्राली व पानी के टैंकर भेंट किए। वहीं इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लिया। कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी के पहुंचने और कांग्रेसी जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देने पर श्रुति चौधरी ने चुटकी लेते हुए कहा कि “इस पर क्या टिप्पणी करनी। कांग्रेस पार्टी अभी तक तो संभली नहीं। आगे तो जैसे कहते हैं ना नेचर का कोर्स है, ऐसे चलते जाएंगे। जब तक बिल्कुल फुस होकर अपने आप जैसे पतझड़ होकर सूख जाता है और अपने आप गिर जाता है। वही हाल होगा कांग्रेस का। कांग्रेस पार्टी के पास कोई मुद्दे नहीं हैं।” ट्रैक्टर व टैंकर पंचायतों को भेंट किए
भिवानी के ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी की सुनिश्चित्ता को पूरा करने के उद्देश्य से सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी जिला के विभिन्न गांवों के लिए ट्रैक्टर, ट्राली व पानी के टैंकर भेंट किए। सिंचाई मंत्री ने खुद ट्रैक्टर स्टार्ट कर टैंकर व ट्रैक्टर जिले की पंचायतों को भेंट किया। इस मौके पर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने वीबी जी राम जी योजना के तहत भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित कार्यशाला में आमजन को संबोधित करते हुए इस योजना को ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए पहले से चल रही योजनाओं को वीबी जी राम जी योजना के तहत विस्तार दिया गया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्य इस योजना के तहत करवाए जा सकेंगे। इस नए प्रारूप में पक्के कार्यों तथा ग्रामीण कम्यूनिटी से जुड़े हुए विभिन्न विकास कार्यों को भी अब इस योजना के तहत पूरा करवाया जा सकेगा तथा रोजगार के दिनों को भी 100 से बढ़ाकर 125 किया गया है। विपक्ष बना रहा बेवजह मुद्दा
श्रुति चौधरी ने कहा कि विपक्षी दल बेवजह इस योजना को मुद्दा बनाए हुए है। राज्यों का वीबी जी राम जी योजना में 40 प्रतिशत शेयर किया जाना कोई नई बात नहीं है। क्योंकि विभिन्न केंद्रीय योजनाओं में राज्यों का अनुपात 60:40 पहले भी रहता है। योजना के विभिन्न चरणों में यह अनुपात घटता-बढ़ता रहता है। कांग्रेस पर साधा निशाना
श्रुति चौधरी ने कांग्रेस पार्टी द्वारा वोट चोरी के मुद्दे उठाए जाने को भी बेमानी बताते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश जय जवान-जय किसान व खिलाड़ियों का प्रदेश है। ऐसे मजबूत लोगों के वोट भला कौन चोरी कर सकता है। कांग्रेस इसी प्रकार से चुनाव में संविधान बदलने के मुद्दों पर भी जनता को भ्रमित करती रही है। कांग्रेस विपक्ष के तौर पर अपना दायित्व निभाने में भी नाकामयाब रही है। जबकि लोकतंत्र में विपक्ष का इतना कमजोर होना बेहतर नहीं होता।