कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाया:कानपुर में बुलेट सवार 10 फीट दूर गिरा, थाने में बाउंसरों ने घायलों से अभद्रता की

Spread the love

कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी कार से 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। एक बुलेट सवार को टक्कर मारी तो वह हवा में उछलकर 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी बुलेट के ऊपर ही चढ़ गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। भीड़ को देखकर कारोबारी का बेटा कार के अंदर ही दुबक गया। उसके बाउंसरों ने लोगों के साथ हंगामा किया। धक्का देकर लोगों को भगाने का प्रयास किया। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और कार को थाने ले आई। थाने में भी पीड़ितों से कारोबारी के बाउंसरों ने अभद्रता की। इसके बाद लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया। वहीं, कारोबारी के बेटे और अन्य घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला ग्वाल टोली थाना क्षेत्र का है। 3 तस्वीरें देखिए… तेज रफ्तार कार बेकाबू हुई, लोगों को टक्कर मारी केके मिश्रा तंबाकू कारोबारी हैं। दोपहर करीब 3.15 बजे उनका बेटा शिवम मिश्रा VIP रोड पर अपनी लेम्बोर्गिनी कार से तेज रफ्तार जा रहा था। रेव-3 के पास कार बेकाबू हो गई। कार ने सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों समेत 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। एक बुलेट सवार को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह सड़क पर उछलकर जा गिरा। इसके बाद कार बुलेट के आगे वाले पहिए पर चढ़ गई। इसका पता चलते ही ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची। कारोबारी के बेटे को भीड़ से सुरक्षित निकाला। साथ ही घायलों और उद्योगपति के बेटे को अस्पताल ले गई। पुलिस गाड़ी को थाने लेकर पहुंची। इस दौरान भीड़ भी थाने पहुंच गई। रसूखदार और बड़े परिवार का मामला होने के चलते कार को थाने के भीतर सुरक्षित रखा गया। इस दौरान उद्योगपति के बाउंसर ने वहां मौजूद लोगों से अभद्रता की। इस पर भीड़ ने हंगामा कर दिया। ‘हम सड़क किनारे खड़े थे तभी मारी टक्कर’
सोनू त्रिपाठी ने बताया- मेरे मामा का बेटा विशाल और मैं बुलेट से आए। फिर हम लोग सड़क किनारे एक दुकान पर खड़े हो गए। विशाल बुलेट पर ही बैठा था। हम टी-शर्ट देखने लगे। तभी लेम्बोर्गिनी कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद हमारी बुलेट को कुचल दिया। टक्कर से विशाल भी दूर जा गिरा। 2 लड़के और थे, उनको भी जोरदार टक्कर मारी। वह सड़क पर 10 फीट उछलकर दूर फुटपाथ पर जा गिरे। दोनों को अस्पताल भेजा गया है। हादसे में एक युवक के चेहरे पर चोट आई है। उनके मुंह से खून निकल रहा था। उसे भी अस्पताल भेजा गया है। हमने थाने में शिकायत दी है। कारोबारी की कंपनी पर 2 साल पहले पड़े था छापा
तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा की बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी है। यह कंपनी कानपुर की टॉप गुटखा कंपनियों को तंबाकू सप्लाई करती है। करीब 2 साल पहले 28 फरवरी को कंपनी के हेड ऑफिस पर आयकर विभाग का छापा पड़ा था। तब केके मिश्रा की दिल्ली स्थित कोठी से 100 करोड़ से ज्यादा की कारें मिली थीं। इनमें 60 करोड़ से ज्यादा कीमत की लग्जरी कारें शामिल थीं। 16 करोड़ की रोल्स-रॉयस फैंटम कार, लेम्बोर्गिनी, फरारी, मॅकलारेन कारें थीं। तब छापेमारी में 100 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आई थी। खबर अपडेट की जा रही है…