गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित पॉश सोसाइटी पाम स्प्रिंग में रहने वाले एक कारोबारी को हनी-ट्रैप में फंसाकर करीब चार साल में साढ़े छह करोड़ रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की कथित तौर पर फेसबुक के जरिए अमीरात एयरलाइन की एयरहोस्टेस किम उर्फ प्रियंका संगमा नाम की युवती से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि इस हनी-ट्रैप के पीछे एक पूरा सिंडिकेट काम कर रहा था, जिसमें एसडीएम (पिता), पायलट (भाई) और वकील (मां) ने इमोशनल, मेंटली, सोशल तरीके से दबाव बनाकर अलग-अलग समय में यह रकम ट्रांसफर कराई। इसमें एक मेघायल के सीएम की सिक्योरिटी में तैनात बताने वाले एक फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर का भी नाम सामने आया है। मामले में एक ऐसे व्यक्ति का नाम भी सामने आया है, जिसने खुद को मेघालय के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर बताया, जबकि वह फर्जी निकला। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 316(2), 351(2), 356(2) और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2020 में फेसबुक पर जान पहचान पुलिस को दी शिकायत में कारोबारी ने बताया कि साल 2020 में उनकी पहचान फेसबुक के जरिए मेघालय की रहने वाली किम उर्फ प्रियंका संगमा से हुई थी। उसने स्वयं को अमीरात एयरलाइन में बतौर एयरहोस्टेस बताया था। उनके बीच बात होने लगी और उसने अपना वॉट्सऐप नंबर शेयर कर उसे फोटो भेजनी शुरू कर दी और उससे भी फोटो की मांग की। अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू किया आरोप है कि कई बार अलग-अलग फोटो भेजने के बाद उसने अपनी मां लीना संगमा के साथ मिलकर पीड़ित से अश्लील चैट करनी शुरू कर दी। उसे कुछ सेमी न्यूड फोटो भी भेजी। साल 2021 में किम ने उसे उसकी चैट के स्क्रीन शॉट भेजने शुरू कर दिए। किम ने उसकी भी आपत्तिजनक फोटो बनाकर भेजी। इस पर उसने स्क्रीन शॉट भेजने और आपत्तिजनक फोटो भेजने का विरोध किया और उनका नंबर ब्लॉक करते हुए उसे दोबारा बात न करने के लिए कहा। मई 2021 में पैसे भेजने शुरू किए आरोप है कि इसके बाद एक अन्य नंबर से किम ने उसकी एडिटेड फोटो भेजी और उसे ब्लैकमेल करते हुए उससे रुपयों की मांग की। इस पर उसने किम द्वारा दिए गए उसके भाई यंकी संगमा के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए। यह रकम 2 मई 2021 को ट्रांसफर की गई थी। लगातार ब्लैकमेल करने लगी युवती कारोबारी ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त 2021 को किम ने उसे फोन कर बताया कि उसके पिता शिलॉन्ग में एसडीएम हैं और वह उसे पूरी बात बता रही है। जिसके बाद कथित एसडीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी बेटी ने जो गलती की है वह इस गलती का सुधार करेंगे और उसे ब्लैकमेल कर ट्रांसफर कराई गई रकम को जल्द ही वापस कर देंगे। पायलट कोर्स के लिए मांगे रुपए इसके बाद कथित एसडीएम का कॉल आया और कहा कि उसका बेटा यंकी संगमा पायलट का कोर्स कर रहा है। आरोपियों ने इमोशनल कर उनसे रुपए ट्रांसफर कराए। कुछ समय बीतने के बाद जब उन्होंने अपने रुपए वापस मांगे तो किम ने अपनी मां लीना संगमा से बात कराई, जिसने स्वयं को मेघालय कोर्ट में वकील बताया। ठेका खोलने के नाम पर 32.38 लाख लिए आरोपियों ने आपत्तिजनक वीडियो और चैट के स्क्रीनशॉट भेजे और ब्लैकमेल करते हुए कहा कि यह फोटो-वीडियो वह सोशल मीडिया पर डालकर उसे बदनाम कर देंगे। शराब का ठेका खोलने के लिए 32.38 लाख रुपए ले लिए। दिसंबर 2022 में एक नई कहानी बनाई कि उनके एसडीएम पिता की मौत हो गई है। सीएम सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी से शादी साल 2022 और 2023 में आरोपियों ने एक नई कहानी बनाई कि किम की शादी वह मेघालय डिप्टी सीएम की सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी करण वर्मा से कर रहे हैं। उससे शादी के बाद उनके सभी रुपए वापस कर दिए जाएंगे। उन्होंने गोवा में 100 करोड़ की प्रॉपर्टी बेचकर रुपए चुकाने की बात कही। प्रेग्नेंट होने और मां को कैंसर का बहाना बनाया कारोबारी ने कहा कि किम ने एक दिन उसे बताया कि वह प्रेग्नेंट है और यंकी भी अपनी जॉब बदलना चाहता है। किम ने यह भी कहानी बनाई कि उसकी मां लीना को कैंसर है, जिसका इलाज कराने के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया जाना है। उसके इलाज के लिए उन्हें रुपयों की जरूरत है। इसके लिए भी उन्होंने दबाव देकर रुपए ट्रांसफर करा लिए। किम ने बताया कि वह अपने बच्चे की डिलीवरी के लिए गुड़गांव के पारस अस्पताल में आ रही है। यहां उसने प्री मेच्योर बेबी (7 माह) का होने की बात कही और अपने और बच्चे के इलाज के लिए भी रुपए लिए। बेटे और पत्नी को आपत्तिजनक फोटो भेजी आरोप है कि जब उसने और रुपए देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसके बेटे और पत्नी से संपर्क किया और उन्हें आपत्तिजनक फोटो भेजी। इसके बाद पीड़ित ने अपनी पत्नी व बेटे को आपबीती बताई और इस मामले में हिम्मत जुटाकर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कारोबारी हनी-ट्रैप में फंसा, साढ़े 6 करोड़ हड़पे:गुरुग्राम में फेसबुक पर एयरहोस्टेस से दोस्ती, मेघालय सीएम सिक्योरिटी का फर्जी इंस्पेक्टर-एसडीएम शामिल
