करनाल के घरौंडा में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गए और बस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एक बाइक पर सवार दो युवक करनाल की ओर से पानीपत की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे घरौंडा में फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही रोहतक डिपो की हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। बस का पिछला पहिया दोनों युवकों पर चढ़ा
सड़क पर गिरते ही दोनों युवक बस की चपेट में आ गए। बस का पिछला पहिया दोनों को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस करीब 100 मीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद चालक बस को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सर्विस रोड पर लगा जाम, लोगों की भीड़ जुटी
हादसे को होते देख आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बस बीच सड़क पर खड़ी रहने के कारण सर्विस रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एक युवक बागपत का रहने वाला
मृतकों की पहचान गढ़ सरनाई निवासी 28 वर्षीय इंदर कुमार व उत्तर प्रदेश के जिला बगावत के गांव नागल निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद लोगों ने जाम लगा दिया और लगभग आधे घंटे तक लोगो ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने भारी मशक्कत जाम खुलवाया। बस कब्जे में, चालक की तलाश जारी
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी उमेश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। हरियाणा रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
करनाल में बस ने दो बाइक सवारों को कुचला:मौके पर मौत, एक मृतक यूपी का रहने वाला,आरोपी ड्राइवर फरार
