सुपौल के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर उत्तर वार्ड-7 में शनिवार की देर शाम करीब 8 बजे आपसी विवाद के चलते गोली चलने की घटना सामने आई। घटना में अरविंद कुमार राम (पिता स्व. रतिलाल राम) गोली लगने से जख्मी हो गए। जानकारी के अनुसार, विवाद अरविंद कुमार राम और उनके दियाद पिन्टू राम के बीच हुआ। इसी दौरान पिन्टू राम के साथ मौजूद रिषभ झा ने भी गोली चलाने में साथ दिया। गोलीबारी की सूचना पर पहुंची पुलिस गोलीबारी की सूचना मिलते ही प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायल अरविंद को तुरंत इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल घायल की स्थिति सामान्य बनी हुई है और खतरे से बाहर हैं। आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस सतर्क पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिषभ झा हाल ही में जेल से बाहर आया है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस सतर्क थी। घटना के तुरंत बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष ने पिन्टू राम और रिषभ झा को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ जारी है। इधर, पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि पूरे मामले में प्रतापगंज थाना में कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। एसपी ने कहा कि, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त तेज कर दी गई है। लंबे समय से चला आ रहा था विवाद स्थानीय लोगों का कहना है कि, विवाद लंबे समय से चला आ रहा था, जो आज गोलीबारी में तब्दील हो गया। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से माहौल बिगड़ने से बच गया। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और अन्य शामिल लोगों की भी तलाश में जुट गई है। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में है।
सुपौल में आपसी विवाद में चली गोली, युवक जख्मी:SP बोले -दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस गश्त तेज , 2 गिरफ्तार
