सांड ने 10 फीट हवा में उछाला, 2 की मौत;VIDEO:अलीगढ़ में कचौड़ी खा रहे युवक पर हमला किया, रेस्क्यू में खुद भी मरा

सांड ने 10 फीट हवा में उछाला, 2 की मौत;VIDEO:अलीगढ़ में कचौड़ी खा रहे युवक पर हमला किया, रेस्क्यू में खुद भी मरा
Share Now

अलीगढ़ में सांड ने कचौड़ी खा रहे युवक को हवा में दस फीट ऊपर उछाल दिया। वहां मौजूद लोगों ने जब उसे भगाया तो दौड़ते हुए सांड ने 8 लोगों को टक्कर मारी। हमले में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 2 लोगों की मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर ज्वालापुरी इलाके की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने सांड का रेस्क्यू किया। हालांकि, बाद में उसकी भी मौत हो गई। डीएम संजीव रंजन ने बताया कि सांड को पहले से ही रैबीज का संक्रमण था। 3 तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से पढ़िए…
ज्वालापुरी में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ लोग सड़क किनारे एक ठेले के पास खड़े थे। सभी वहां पर कचौड़ी खा रहे थे। तभी एक सांड दौड़ता हुआ आया और कचौड़ी खा रहे एक युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक करीब 10 फीट ऊपर हवा में उछल गया। सांड इसके बाद कई और लोगों को टक्कर मारता हुआ निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया। हमले में घायल युवक की पहचान नगला-तिकोना निवासी दुर्गपाल (32) पुत्र बिहारी लाल के रूप में हुई। वह मजदूरी करता है। दोपहर में भूख लगने पर कचौड़ी खाने के लिए निकला था। उसकी भी जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। बाजार के बाद कालोनी में घुसा सांड
बाजार में आतंक मचाने के बाद सांड रिहायशी काॅलोनी में घुस गया। यहां पर भी उसने राहगीरों को टक्कर मारी। करीब दो घंटे तक वह अलग-अलग जगहों पर लोगों को टक्कर मारता हुआ दौड़ता रहा। इस दौरान सांड के हमले में आठ लोग घायल हो गए। इनमें इलाके में ही भीख मांगने वाला भोला उर्फ छोटे सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। भोला मूल रूप से मध्यप्रदेश का रहने वाला था। वह अलीगढ़ में भीख मांगकर अपना गुजारा करता था। अब सीसीटीवी में जो दिख रहा, वो पढ़िए सांड के हमले की घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें दिख रहा है कि पीछे से आए सांड ने युवक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह करीब 10 फीट ऊपर हवा में उछल गया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अलग-अलग वाहनों से जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां 6 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सांड ने 3 काॅलोनियों में लोगों को घायल किया है। रेस्क्यू के बाद सांड की भी मौत हुई
सांड के हमले की खबर मिलते ही नगर निगम की टीम तत्काल एक्टिव हुई। कैटल कैचिंग दस्ता तत्काल सांड को पकड़ने के लिए निकल गया। टीम ने मशक्कत के बाद उसे ज्वालापुरी इलाके से ही पकड़ लिया। वहां से उसे पशु शेल्टर होम में भेजा गया। वहां पर सांड की भी मौत हो गई। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सांड रैबीज की बीमारी से ग्रसित था। उसे किसी आवारा कुत्ते ने काटा होगा, जिसके कारण वह बीमार था। इसी के कारण उसने लोगों पर हमला कर दिया। डीएम बोले- पीड़ितों को मुआवजा दिलाएंगे
डीएम संजीव रंजन ने बताया कि अलीगढ़ में सांड के हमले में दो लोगों की मौत हुई है। सांड रैबीज से ग्रसित था। हमले के बाद उसे रेस्क्यू किया गया। इस दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतक व्यक्तियों के परिवार को नियम के अनुसार सरकार की ओर से मदद और मुआवजा दिलाया जाएगा। जो लोग घायल हुए हैं, उन सभी को एंटी रैबिज लगवाने को कहा गया है। —————– यह खबर भी पढ़िए:- बेटा एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले- मैं बहुत खुश हूं:लावारिस में दफना दो; मेरठ में शहजाद ने 7 साल की बच्ची से गैंगरेप किया था मेरठ पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में गैंगरेप के आरोपी को मार गिराया। मुठभेड़ सरुरपुर थाना क्षेत्र के जंगलों के पास हुई। पुलिस से घिरता देख बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली लगने से 25 हजार का इनामी शहजाद उर्फ निक्की (34) ढेर हो गया। उसके सीने में गोली लगी। पढ़ें पूरी खबर…


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *