हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुद्वारे के बाहर ये युवक को किडनैप कर लिया गया। फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर आए बदमाश उसे उठाकर ले गए। गुरुद्वारे के अंदर युवक की बहन की शादी हो रही थी। परिवार और रिश्तेदार भी अंदर ही मौजूद थे। युवक को किडनैप करने की घटना गुरुद्वारे के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। युवक ने बचने के लिए भागने की भी कोशिश की, लेकिन किडनैपरों से उसे पकड़ लिया और अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अभी युवक का सुराग नहीं लग पाया है। परिवार का कहना है कि उनकी किसी के साथ दुश्मनी नहीं है। जानकार युवक को बाहर लेकर गया
प्रवीण ने बताया कि आज उनकी भतीजी की शादी थी। दोपहर करीब 3 बजे चावला कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे में दूल्हा-दुल्हन लावां ले रहे थे। परिवार के सभी सदस्य वहीं मौजूद थे। इसी दौरान यश (21) को एक जानकार ने यह कहकर बाहर बुलाया कि कुछ लोग उससे मिलने आए हैं। 2 कारों में आए थे किडनैपर
प्रवीण ने आरोप लगाया कि जैसे ही यश गुरुद्वारे के बाहर पहुंचा, वहां मौजूद 4 से 5 लोगों ने उसे गर्दन से पकड़ लिया और जबरन एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठाकर मौके से फरार हो गए। यश को किडनैप करने वाले दो कारों में सवार होकर आए थे। इनमें से एक फॉर्च्यूनर कार में यश को अगवा कर ले जाया गया। उन्हें नहीं पता कि यश को कौन लोग और किस मकसद से उठाकर ले गए हैं। SHO बोले- युवक को तलाश रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शहर थाना प्रभारी शमशेर ने बताया कि युवक को लेकर जाने की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। यह भी संभव है कि किसी पुलिस टीम द्वारा युवक को पूछताछ के लिए ले जाया गया हो, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
गुरुद्वारे के बाहर से दुल्हन का भाई किडनैप,VIDEO:फरीदाबाद में फॉच्यॅूनर में आए बदमाश, बहाने से बाहर बुलाकर डालकर ले गए
