गेहूं बेचकर टिकट खरीदा, पैसा वापस करो; VIDEO:लखनऊ में इंडिया का मैच रद्द होने पर भड़का फैन, अब UPCA सबके पैसे लौटाएगा

Spread the love

लखनऊ में कोहरे के चलते भारत-अफ्रीका का टी-20 मैच रद्द होने पर फैंस भड़क गए। एक युवक ने चिल्लाकर कहा- तीन बोरा गेहूं बेचकर टिकट खरीदा था, मेरा पैसा वापस करो। वह बार-बार अपना टिकट दिखा रहा था। क्रिकेट फैन आशीष जायसवाल ने बताया कि उन्होंने VIP टिकट लिया था, लेकिन मैच नहीं हुआ। अब हमारा पैसा वापस होना चाहिए। नेपाल से आए शशांक मिश्रा ने कहा- बहुत दूर से मैच देखने आया था, लेकिन अब बहुत बुरा लग रहा है। दरअसल, भारत-अफ्रीका का मैच देखने के लिए फैंस ने 500 से लेकर 25000 रुपए तक का टिकट खरीदा था। मैच रद्द होने के बाद अब UPCA उनके पैसे लौटाएगा। शनिवार से टिकट के पैसे रिफंड करने के लिए कैश टिकट काउंटर खुल जाएंगे। UPCA रिफंड करेगा टिकट का दाम… उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मानद सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया- मूल टिकट, सरकारी पहचान पत्र की फोटो कॉपी (सत्यापन हेतु), बैंक विवरण (जिस खाते में राशि वापस की जानी है) रिफंड काउंटर पर उपलब्ध रिफंड फॉर्म को सही और पूर्ण विवरण के साथ भरना आवश्यक है। भरे हुए फॉर्म और मूल टिकट को सत्यापन के बाद ही जमा किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रिफंड राशि संबंधित बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी। प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों और जानकारी के सत्यापन के बाद ही रिफंड प्रक्रिया आरंभ होगी। कोहरे के चलते टॉस भी नहीं हो पाया.. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 17 दिसंबर को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैच खेला जाना था। शहर में शाम से ही कोहरा छाया हुआ था। इसके बावजूद हजारों दर्शक स्टेडियम पहुंचे। सचिन तेंदुलकर के फैन सुधीर शंख लेकर आए थे और उन्होंने भारत की जीत के लिए शंखनाद किया। साधु-संत भी मैच देखने पहुंचे थे, लेकिन कोहरे ने सारा मजा किरकिरा कर दिया। मैच का टॉस भी नहीं हो सका। अंपायरों ने छह बार मैदान का मुआयना किया। आखिर में यह तय हुआ कि विजिबिलिटी बेहद कम है और मैच खेला जाना संभव नहीं है। इसके बाद दर्शकों को बिना मैच देखे ही लौटना पड़ा। स्टेडियम से बाहर निकलने पर लखनऊ के कुलदीप सिंह ने कहा कि उन्होंने इतना पैसा खर्च कर मैच देखने की योजना बनाई थी, लेकिन मैच रद्द हो गया। अगर टिकट का पैसा वापस नहीं मिला, तो यह बहुत गलत होगा। मैच रद्द होने पर नेताओं के रिएक्शन सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे
5 मैच की टी-20 सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे है। भारत ने पहला मैच 101 रन से जीता था, इसके बाद साउथ अफ्रीका ने मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मैच में 51 रन से जीतकर वापसी की। तीसरे मैच में धर्मशाला में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए फिर बढ़त बना ली। आखिरी मैच 19 दिसंबर को अहमदबाद में खेला जाएगा। 2 साल पहले धर्मशाला में भारत-न्यूजीलैंड मैच रोका गया था
2 साल पहले 2023 वनडे वर्ल्ड कप में कोहरे के कारण भारत-न्यूजीलैंड मैच को रोका गया था। 15 से 20 मिनट के लिए कुछ समय तक मैच रुकने के बाद मुकाबला शुरू हुआ था। उस मुकाबले को भारत ने 4 विकेट से जीता था। ———————— मैच से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कोहरे के कारण IND-SA चौथा टी-20 मैच रद्द:अंपायर्स ने छठे निरीक्षण के बाद लिया फैसला कोहरे के कारण भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी-20 रद्द कर दिया गया है। मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होना था, लेकिन घने कोहरे की वजह से टॉस भी नहीं हो पाया। अंपायर्स ने 6 बार कंडीशन का मुआयना किया। लेकिन, रात 9:30 बजे तक स्थिति में सुधार नहीं होने पर मैच रद्द कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…