दमोह: पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, छोटे भाई ने बड़े भाई के सीने में दागी गोली

Spread the love

पुलिस से मिली जानकारी के अनु़सार बिहारी पटेल (50) और उसका छोटा भाई रघुवीर पटेल उर्फ वीरन खेतिहर मजदूर हैं। बिहारी ने गांव के ही सुख सिंह से उड़द फसल की कटाई का ठेका कम दाम पर ले लिया था। इस पर रघुवीर को आपत्ति थी। रविवार रात दोनों भाइयों के बीच इस बात काे लेकर विवाद हो हुआ था। परिजनाें ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया था। सोमवार सुबह बिहारी पटेल फसल कटाई के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लाइसेंसी बंदूक लेकर बैठे वीरन ने गोली चला दी। जो बिहारी के सीने में जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर बिहारी का बेटा प्रकाश मौके पर पहुंचा। उसने पिता को जमीन पर पड़ा देखा। प्रकाश साथियों के साथ पिता बिहारी को लेकर हटा सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने रघुवीर पटेल काे पकड़ लिया और बंदूक छीनकर कमरे में बंद कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रिया सिंधी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं और प्रत्यक्षदर्शियाें के बयान लिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर केस की जांच शुरू कर दी है।

फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि ठेके पर फसल कटाई के लिए बड़े भाई बिहारी ने आरोपी वीरन से ज्यादा एकड़ जमीन ठेके पर ली थी। जमीन कितनी ली थी इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। इसी बात से आरोपी नाराज था। चार भाइयों में बिहारी सबसे बड़ा था। आरोपी वीरन तीसरे नंबर का है। उसकी पांच बेटियां और एक बेटा है, जिसमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं बिहारी का एक बेटा प्रकाश पटेल है।