हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार सुबह सड़क पर ठेकेदार का शव पड़ा मिला। उनके सिर पर चोट के निशान थे और सड़क पर काफी खून बिखरा हुआ था। पास में ही उनकी गाड़ी खड़ी हुई थी। घटना बसई गांव के पास की है। मृतक की पहचान संजय शर्मा (55) के रूप में हुई है। संजय शर्मा डीपीएस कॉलेज में कैंटीन चलाते थे। वह मूल रूप से पलवल के विधावली गांव के रहने वाले थे। फिलहाल वह गुरुग्राम के रमा गार्डन में रह रहे थे। पुलिस ने एक्सीडेंट की आशंका जताई है। जबकि परिवार के लोगों का कहना है कि ये एक्सीडेंट नहीं लग रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घर से कुछ दूरी पर मिला शव
पुलिस के मुताबिक, संजय शर्मा रमा गार्डन में अपने बेटे, पत्नी और माता-पिता के साथ रहते थे। उन्होंने अलग-अलग जगहों पर कैंटीन के ठेके लिए हुए थे। मंगलवार सुबह सवा 7 बजे वह अपनी ब्रेजा कार लेकर घर से कॉलेज में कैंटीन के लिए निकले थे। यह घर से करीब 8 किलोमीटर दूर है। जहां पर डेडबॉडी मिली है, वह घर से कुछ दूरी पर ही है। राहगीरों ने सड़क पर शव देखकर पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। परिवार बोले- कार कहीं से क्षतिग्रस्त नहीं
परिवार का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी और न किसी से किसी भी तरह का खतरा था। जिस हालात में उनका शव मिला है, देखने में वह एक्सीडेंट तो नहीं लग रहा। इस मामले की पुलिस निष्पक्ष जांच करे, क्योंकि कार कहीं से भी क्षतिग्रस्त नहीं है। SHO बोले- यह मर्डर नहीं
सेक्टर 10 थाने के SHO कुलदीप का कहना है कि मंगलवार सुबह पुलिस को एक्सीडेंट की कॉल मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई। यह मर्डर नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…
गुरुग्राम में ठेकेदार की खून से लथपथ लाश मिली:सड़क के बीचोंबीच पड़ी थी, सिर पर चोट के निशान, पास में गाड़ी खड़ी थी
