विद्यार्थी परिषद की मानवीय पहल, शिविर में 17 यूनिट रक्त संग्रह

Spread the love

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और बिरसा कॉलेज खूंटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कॉलेज परिसर में आयोजित “रक्तदान महादान शिविर” सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

खूंटी सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में लगातार घटते रक्त भंडार को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर ने बड़ी राहत पहुंचाई।

शिविर में कुल 17 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने स्वास्थ्य सेवा में सहयोग का मजबूत संदेश दिया। शिविर में सदर अस्पताल खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी और बिरसा कॉलेज खूंटी के प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत भी उपस्थित थे। दोनों अतिथियों ने एबीवीपी और कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।

डॉ. मांझी ने कहा, “ब्लड बैंक में रक्त की कमी एक गंभीर चिंता थी। ऐसे समय में एबीवीपी का यह प्रयास काबिले-तारीफ है। युवाओं ने रक्तदान कर यह साबित किया है कि समाज सेवा की असली ताकत उनमें ही निहित है। प्राचार्य डॉ. भगत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “रक्तदान जीवन मूल्यों की शिक्षा देता है। कॉलेज परिसर में इस प्रकार का आयोजन होना हमारे लिए गर्व की बात है।

सभी रक्तदाताओं और आयोजन समिति का धन्यवाद।

शिविर को सफल बनाने में एबीवीपी रांची विभाग के संयोजक प्रकाश टूटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि एबीवीपी समाज की समस्याओं को लेकर हमेशा संवेदनशील रहती है। “हमने युवाओं को प्रेरित किया और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई,” उन्होंने कहा।

रक्तदान की पूरी प्रक्रिया ब्लड बैंक प्रभारी ए.के. उरांव की देखरेख में सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि संग्रहित 17 यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में सहयोग देने वालों में राजकुमार गुप्ता, डॉ. जया भारती कुजूर, निशांत झा, सुशांत कुमार, तथा ब्लड बैंक स्टाफ बसंत, जुली, अंजलि, ममता सहित कई कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण एवं व्यवस्था संभालने की अहम भूमिका निभाई।

एबीवीपी ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है।