पानीपतज जिले में ब्लॉक समिति के अध्यक्ष और ददलाना गांव से जुड़े जनप्रतिनिधि दीपक राणा का शुक्रवार को हार्ट अटैक से अचानक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। सक्रिय कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले दीपक राणा ने कम समय में क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से ददलाना गांव और ब्लॉक में शोक की लहर है और आज दोपहर पैतृक गांव में दाहसंस्कार होगा। अचानक बिगड़ी तबीयत परिजनों के अनुसार अचानक दीपक राणा की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, मातम का माहौल छा गया। ददलाना से राजनीतिक सफर शुरू दीपक राणा पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव ददलाना से ब्लॉक समिति सदस्य चुने गए थे। अपने सादे स्वभाव और मेहनती कार्यशैली के चलते उन्होंने लोगों का विश्वास जीता और बाद में उन्हें ब्लॉक समिति का अध्यक्ष बनाया गया। पूरे ब्लॉक में विकास कार्यों को दी गति अध्यक्ष बनने के बाद दीपक राणा ने केवल अपने गांव ही नहीं, बल्कि अन्य गांवों की समस्याओं को भी प्राथमिकता से उठाया। सड़क, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार सक्रिय रहे। क्षेत्र के लोग उन्हें एक जमीनी और सुलभ जनप्रतिनिधि के रूप में जानते थे। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जताया शोक निधन की सूचना मिलते ही गांव और क्षेत्र के लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
दीपक राणा के असामयिक निधन से पानीपत ब्लॉक ने एक कर्मठ और ईमानदार अध्यक्ष को खो दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करते थे, उनके जाने से क्षेत्र में शोक की लहर है।
पानीपत में ब्लॉक समिति चेयरमैन दीपक राणा का निधन:हार्टअटैक से मौत; पैतृक गांव में दोपहर में होगा अंतिम संस्कार
