हरियाणा के पानीपत में नामी गीता यूनिवर्सिटी परिसर में रविवार रात कैफे में भीषण आग लग गई। आग सिलेंडर में ब्लास्ट के कारण लगी, जिससे अफरातफरी मच गई। शुरुआत में आग कम होने के चलते वहां मौजूद लोग फायर एक्सटिंग्विशर से उसपर काबू पाने की कोशिश करते हैं, लेकिन तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हो जाता है, जिससे 3 लोग गंभीर रूप से झुलस जाते हैं। विश्वविद्यालय के कैफे नंबर 14 में आग लगी थी। ब्लास्ट होते ही दर्जनों छात्र-छात्राओं ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। धमाका इतना तेज था कि कैफे की छत और भारी साजो-सामान के टुकड़े हवा में सैकड़ों फीट ऊपर तक उछल गए। छात्रों ने घटना का लाइव वीडियो भी बनाया, जो अब सामने आया है। उधर, इसराना थाना प्रभारी महिपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से प्रारंभिक तौर पर आग का कारण ‘शॉर्ट सर्किट’ बताया गया है। देखें कैफे में हुए ब्लास्ट के PHOTOS… अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… गर्ल्स होस्टल में रह रहीं छात्राएं डरीं वीडियो में एक छात्रा को यह कहते सुना जा सकता है- ‘इतनी बड़ी आग को इस छोटे से सिलेंडर से कैसे बुझाया जाएगा, हमें यहां क्यों फंसा दिया है।’ उनकी बातचीत के दौरान ही एक जोरदार धमाका होता है और पूरी स्क्रीन पर आग का गोला छा जाता है, जिसके बाद छात्राओं में चीख-पुकार मच जाती है। छात्रों ने दिखाई बहादुरी धमाके की आवाज सुनते ही कैफे के भीतर मौजूद छात्र जान बचाकर बाहर की तरफ भागे। छात्रों ने बताया कि यदि वे कुछ सेकंड और अंदर रुकते तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। धमाके के बाद कैंपस के अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने यूनिवर्सिटी में लगे फायर सेफ्टी इक्विपमेंट का उपयोग कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ब्लास्ट के कारण आग बेकाबू हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस सहायता (डायल 112) और दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और करीब 45 मिनट की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। तब तक कैफे का सारा कीमती सामान, फर्नीचर और ढांचा जलकर राख हो चुका था। पुलिस जांच और प्रबंधन के दावों में विरोधाभास इसराना थाना प्रभारी महिपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से प्रारंभिक तौर पर आग का कारण ‘शॉर्ट सर्किट’ बताया गया था। हालांकि, थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल से जो वीडियो और साक्ष्य सामने आए हैं, वे प्रबंधन के दावों को संदिग्ध बनाते हैं। महिपाल ने कहा, “वीडियो देखने के बाद यह स्पष्ट रूप से सिलेंडर ब्लास्ट का मामला प्रतीत हो रहा है। इतना भीषण धमाका और छत का उड़ना शॉर्ट सर्किट से संभव नहीं लगता।” पुलिस अब दोबारा यूनिवर्सिटी प्रबंधन से पूछताछ करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि क्या वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थान में सुरक्षा पर सवाल गीता यूनिवर्सिटी पानीपत का एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, जहां न केवल भारत के विभिन्न राज्यों से बल्कि विदेशों से भी छात्र शिक्षा पाने आते हैं। 35 एकड़ में फैले इस आधुनिक कैंपस में इस तरह का हादसा होना सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलता है। विदेशी छात्रों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। अभिभावकों का कहना है कि अगर यह ब्लास्ट दिन के समय होता, जब कैफे में भारी भीड़ होती है, तो परिणाम और भी विनाशकारी हो सकते थे। ———– ये खबर भी पढ़ें… करनाल की फैक्ट्री में धमाका, 4 लोग जले:टायर पिघलाने का काम चल रहा था; रिएक्टर मशीन से आग और कार्बन निकलने से ब्लास्ट हरियाणा के करनाल में टायर पिघलाकर फर्नेस ऑयल बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद रिएक्टर मशीन से आग और कार्बन तेज गति से बाहर निकला, जिससे पास खड़े चार मजदूर बुरी तरह झुलस गए। (पूरी खबर पढ़ें) फरीदाबाद की केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट,5 पुलिसकर्मियों समेत 42 झुलसे,VIDEO:सड़क तक पहुंची आग, कई गाड़ियां जलीं; 50 मीटर ऊंचाई तक उठीं लपटें हरियाणा के फरीदाबाद में केमिकल फैक्ट्री में सोमवार की शाम को मशीन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। वहां रखे कई केमिकल ड्रम में भी ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट के बाद आग का गुबार करीब 50 मीटर तक उठता दिखाई दिया। पढ़ें पूरी खबर
पानीपत की यूनिवर्सिटी में ब्लास्ट, VIDEO:कैफे की छत उड़ी, 3 लोग झुलसे; 40 मीटर ऊंची लपटें उठीं; छात्राओं ने मोबाइल में कैद की पूरी घटना
