महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में चार्ज करते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में करीब 55 वर्षिय एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं घर में भी आग लग गई। जिससे काफी सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। गांव बड़कोदा का करीब 55 वर्षीय शिव कुमार नारनौल की रामनगर कॉलोनी में मकान बनाकर रहता था। उसके दो लड़की व एक लड़का है। तीनों शादीशुदा हैं। रात के समय वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग में लगाकर अपने घर पर एक कमरे में अकेला सो रहा था। एक लड़की ग्रुप डी में सरकारी जॉब लगी हुई है। रात को हुआ जोर से धमाका रात को करीब साढ़े नौ बजे चार्जिंग में लगी स्कूटी की बैटरी फट गई। इससे जोर के धमाके के साथ घर में आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोस के लोगों जाग गए तथा वहां पर जमा हो गए। पड़ोसियों ने इसकी सूचना तुरंत एम्बुलेंस, पुलिस व दमकल काे दी। दमकल कर्मियों ने निकाला सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। वहीं कमरे से शिव कुमार को निकाला। जिसके बाद पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायल को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मजदूरी करता था मृतक मृतक शिव कुमार बावरिया समाज से था। वह गांव बड़कोदा से कई साल पूर्व नारनौल आ गया था तथा यहां पर मजदूरी करता था। रात को वह कमरे में अकेला ही सो रहा था। अन्य परिजन दूसरे कमरे में सो रहे थे। सोते समय वह रोजाना स्कूटी को चार्जिंग में लगाता था। बीती रात को अचानक धमाके के साथ बैटरी फटने से यह हादसा हो गया। टॉक्समो राइनो प्लस स्कूटी शिव कुमार ने यह स्कूटी करीब एक साल पहले नसीबपुर में बने एक शोरूम से खरीदी थी। स्कूटी लाल रंग की थी तथा उस पर टॉक्समो राइनो प्लस लिखा हुआ है। यानी कंपनी का नाम टॉक्समो है तथा उसका मॉडल राइनो प्लस था। इस स्कूटी की खासियत यह है कि इसके चलाने के लिए आरटीए से रजिस्ट्रेशन कराने तथा इसको चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं होती। यह 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज नहीं चल सकती। घर का सामान जला स्कूटी में ब्लास्ट हो जाने के बाद घर में लगी आग के कारण घर का भी काफी सामान जल गया। आग लगने से घर में लगा फर्नीचर किवाड़ व जंगलों के अलावा बैड, सोफे तथा अन्य सामान भी जल गया। दमकल कर्मियों ने बताया कि उन्होंने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया तथा मृतक को कमरे से निकाला।
नारनौल में इलेक्ट्रिक स्कूटी में ब्लास्ट, व्यक्ति की मौत:रात को चार्जिंग के दौरान हादसा; घर में भी लगी आग, फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी
