गुरुग्राम में ब्लैक थार ने ऑटो को मारी टक्कर:ड्राइवर की मौत, दो सवारी घायल, कार छोड़ आरोपी फरार

Spread the love

गुरुग्राम शहर में शनिवार रात को एक तेज रफ्तार काले रंग की थार ने साउथ पेरिफेरेल रोड पर एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद थार ड्राइवर गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई। जबकि दो सवारियों को चोट आई। मृतक ऑटो ड्राइवर माहेश्वरी दयाल उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे और उनकी उम्र 48 वर्ष थी। वे परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात साढ़े 9 बजे माहेश्वरी दयाल डीएलएफ ग्रीन से दो सवारियां बैठाकर जा रहा था। जब वह एम3एम के पास पहुंचा, तो एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने की मदद हादसे के बाद थार का ड्राइवर रुकने के बजाय मौके से फरार हो गया, जिससे यह हिट एंड रन का मामला बन गया। आसपास के लोगों ने घटना देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम बुलाई और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। तेज गति से चल रही थी थार प्रारंभिक जांच में पता चला कि थार अत्यधिक तेज गति से आ रही थी और ड्राइवर ने ओवरटेकिंग या लेन बदलने के दौरान नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने थार के नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है। एसपीआर रोड पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जहां तेज रफ्तार एसयूवी और लग्जरी वाहनों की वजह से छोटे वाहनों को नुकसान पहुंचा है। ऑटो चलाकर परिवार पाल रहा था मृतक माहेश्वरी दयाल के परिजनों ने बताया कि वे कई वर्षों से गुरुग्राम में ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पत्नी ने कहा कि हमारा सब कुछ छिन गया। पांच बच्चों का भविष्य अब अंधकार में है। परिवार ने हिट एंड रन ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। परिजनों ने बताया कि थार से नमकीन के पैकेट मिले हैं।