प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठ व भ्रम के अपने एजेंडे पर काम कर रहा है। ऐसे में हमें सक्रियता के साथ प्रत्येक घर और प्रत्येक व्यक्ति तक संवाद के माध्यम से सत्य भी पहुंचाना है। विपक्षी झूठ का भी पर्दाफाश करना है और केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व ऐतिहासिक निर्णयों को भी जनता के बीच पहुंचाना है। यह बूथ की मजबूत संरचना से ही संभव है। उन्होंने कहा कि बूथ समितियों में प्रत्येक पदाधिकारी व सदस्य का कार्य निर्धारण और जबाबदेही तय करके रणनीति के तहत काम करना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन अपने अभियानों व कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार जनता के बीच है। हमें अपने कार्यक्रमों और अभियानों को पहले से भी अधिक प्रभावी तरीके से आयोजित करना है और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों को कार्यक्रमों से जोड़ना है। हमारे पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में भारत को आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत बनाने वाला विश्व का सबसे अधिक लोकप्रिय नेतृत्व है। गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए योजनाओं की वृहद श्रृंखला है। उत्तर प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में भयमुक्त वातावरण और लोकहितकारी योजनाएं हैं। देश आत्मनिर्भरता के साथ विकसित भारत बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके बावजूद जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार तथा तुष्टिकरण से पोषित विपक्ष लम्बे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण बौखलाया हुआ है। ऐसे में विपक्ष सत्ता के लिए षडयंत्र कर रहा है । हमें विपक्ष के हर षडयंत्र को विफल करना है। जिसका एक मात्र फार्मूला जनसंवाद है।
