भोपाल में बीजेपी महिला मोर्चा का प्रदर्शन, विवादित बयान के विरोध में राहुल गांधी की अर्थी निकाली

Spread the love

प्रदर्शन के लिए भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रविवार सुबह भोपाल के रेड क्रॉस चौराहे पर इक्ट्ठा हुईं और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगीं। इस बीच पुलिस ने उन्हें सिद्धांत हॉस्पिटल के सामने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। जिसके बाद महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अर्थी को वहीं तोड़ दिया और उसमें आग लगा दी।इस दाैरान माेर्चा की कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि महिलाओं का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्या महिलाएं राजनीति और अन्य क्षेत्रों में अपमान सहने के लिए काम करती है? हम राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं, क्या आपके घर में बहन-बेटियां नहीं हैं? क्या आप इसी तरह माताओं और बहनों का अपमान करते रहेंगे? राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अब मातृशक्ति जाग चुकी है और यदि अब भी कांग्रेस ने होश नहीं संभाला तो बची-खुची कांग्रेस भी पूरी तरह स्वाहा हो जाएगी। हमारी मांग है कि राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और आगे से किसी भी महिला का अपमान नहीं करें। भाजपा में महिलाओं को जो सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और बराबरी का अधिकार दिया गया है, वह किसी अन्य पार्टी में नहीं है।