भाजपा नेता ने पड़ोसी के सीने पर तानी पिस्टल:बोला- मार डालेंगे; 500 रुपए के होली के चंदे को लेकर हुआ विवाद

Spread the love

अलीगढ़ में भाजपा नेता ने पड़ोसी के सीने पर पिस्टल तान दी। कहा- तुम्हें गोली मार देंगे। पड़ोसी के भांजे और भाजपा नेता के नाबालिग बेटे के बीच होली के 500 रुपए के चंदे को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। इसका पता चलते ही पड़ोसी विशाल शर्मा गुरुवार को भाजपा नेता के घर पहुंच गया। विशाल के मुताबिक, घर पर भाजपा नेता हेमंत गर्ग नहीं मिले। वहां उनके नाबालिग बेटे से कहासुनी हो गई। बेटा घर से पिस्टल निकाल आया और 3 राउंड फायरिंग कर दी। विवाद बढ़ता देख पत्नी ने फोन करके भाजपा नेता हेमंत को दुकान से बुला लिया। आरोप है कि भाजपा नेता ने बेटे को समझाया नहीं, बल्कि पड़ोसी विशाल से भिड़ गए। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और दोनों को अलग किया। हेमंत गर्ग भाजपा के व्यापार मंडल के महामंत्री हैं। घटना गुरुवार को बन्नादेवी थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपा नेता और उसके बेटे को पकड़कर थाने ले गई। हालांकि, थाने के बाहर से ही नाबालिग बेटा भाग गया। पुलिस ने भाजपा नेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके बाद जेल भेज दिया। पढ़िए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, हेमंत गर्ग शिवपुरी इलाके में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी मामू-भांजा इलाके में मोबाइल शॉप की दुकान है। उनके घर से थोड़ी दूरी पर विशाल शर्मा का घर है। वह पहले परचून की दुकान चलाता था, जो अब बंद हो चुकी है। हेमंत गर्ग के बेटे से विशाल शर्मा के हमउम्र भांजे ने होली के लिए 500 रुपए चंदा मांगा था। बेटे ने देने से मना कर दिया। गुरुवार शाम को दोनों के बीच मोबाइल पर गाली-गलौज हुई। विशाल के भांजे ने इसकी जानकारी अपने मामा को दी। इसके बाद मामा डंडा लेकर हेमंत गर्ग के घर पहुंच गए। दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद हो गया। पड़ोसी बोला- भाजपा नेता के बेटे ने मुझ पर गोलियां चलाईं
पड़ोसी विशाल शर्मा ने बताया- भाजपा नेता के बेटे ने भांजे से गाली-गलौज की थी और उसे मारने की धमकी दे रहा था। उसने फायरिंग की। गोली मेरे कान के पास से होकर गुजर गई। मैं बाल-बाल बचा। थोड़ी ही देर में भाजपा नेता आ गए। उन्होंने बेटे के हाथ से पिस्टल लेकर मेरे सीने पर तान दी और मुझे जान से मारने की धमकी दी। भाजपा नेता की पत्नी बोलीं- पड़ोसी ने बेटे को मारा
भाजपा नेता हेमंत गर्ग की पत्नी मोनिका ने बताया- बेटे को विशाल शर्मा के भांजे से होली के चंदे को लेकर विवाद हुआ था। विशाल के भांजे ने फोन पर मेरे बेटे को मारने की धमकी दी थी। गुरुवार को मेरा बेटा अपने दोस्त के साथ दुकान से लौट रहा था। घर के पास पहुंचने पर विशाल शर्मा ने मेरे बेटे को डंडे से मारा। मैं बचाने गई तो मुझे भी मारा और मेरे साथ अभद्रता की। मेरे पति उस समय दुकान पर थे। मैंने फोन करके उन्हें घटना की जानकारी दी। वह थोड़ी देर में घर पहुंच गए और उन्होंने बेटे व मुझे विशाल शर्मा से बचाया। आरोपी की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि विशाल की शिकायत पर हेमंत गर्ग और उनके बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल हेमंत गर्ग जेल में हैं, लेकिन उनका बेटा थाने के बाहर से ही गायब हो गया। पुलिस लाइसेंसी हथियार की बरामदगी और बेटे की तलाश में दबिश दे रही है। ——————————- ये खबर भी पढ़ें बाघ ने गैंडे का शिकार किया, उस पर बैठा रहा, दुधवा में तालाब में घुसकर हमला किया, गर्दन चीरकर मांस खाया लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क में बाघ ने एक मादा गैंडे पर हमला कर दिया। मोटी चमड़ी की वजह से काफी देर तक उस पर पंजों से वार करता रहा। जबड़े में उसकी गर्दन दबा ली। थोड़ी देर में घायल गैंडे की मौत हो गई। इसके बाद बाघ उसके ऊपर चढ़कर बैठ गया। गर्दन चीरकर मांस खाता रहा। पूरी खबर पढ़ें