यूपी के भाजपा नेता और साथी का राजस्थान में मर्डर:सस्ता जनरेटर देने के बहाने बुलाया, हत्या करके कुएं में फेंकीं लाशें; भाई IRS-PCS

यूपी के भाजपा नेता और साथी का राजस्थान में मर्डर:सस्ता जनरेटर देने के बहाने बुलाया, हत्या करके कुएं में फेंकीं लाशें; भाई IRS-PCS
Share Now

बलिया के भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और उनके साथी की राजस्थान में हत्या कर दी गई। ठगों ने सस्ता जेनरेटर देने का झांसा देकर बुलाया और रुपए लूटकर हत्या कर दी। शवों को अलग-अलग कुओं में फेंक दिया। भाजपा नेता के एक भाई IRS और दूसरे PCS अधिकारी हैं। वह 18 सितंबर को मैकेनिक के साथ बलिया से राजस्थान गए। अगले दिन IRS भाई ने कॉल किया तो उनका फोन बंद आया। 21 सितंबर को भाई ने दिल्ली में FIR दर्ज कराई। मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। उनकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद राजस्थान के शाहजहांपुर से शव बरामद किए गए। मंगलवार को परिवार भाजपा नेता के शव को लेकर लखनऊ पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया। 2 तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… बलिया के अघैला गांव के रहने वाले भाजपा नेता अशोक सिंह (55) अपने साथी और मिस्त्री विकास कुमार के साथ राजस्थान गए थे। 16 सितंबर को जनरेटर खरीदने की ऑनलाइन डील की थी। इसके बाद 18 सितंबर को बलिया से जयपुर के लिए रवाना हुए। 19 सितंबर से दोनों का फोन ऑफ हो गया था। पिता के नाम पर थी एजेंसी
अशोक बलिया के दशरथ बजाज एजेंसी के संचालक थे। यह एजेंसी उनके पिता के नाम पर है। छोटे भाई IRS अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने 21 सितंबर को रेल भवन दिल्ली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मृतकों के मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर राजस्थान के शाहजहांपुर में दोनों के शव बरामद किए। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से ठगी गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है। मृतक के भाई निर्भय ने बताया कि अशोक को जनरेटर की जरूरत थी। ऑनलाइन रिसर्च के बाद उन्हें जयपुर में सस्ते जनरेटर मिलने की जानकारी मिली। साइबर ठगों के चंगुल में फंसकर बिना परिवार को बताए जयपुर चले गए। अपने साथ मिस्त्री विकास को भी ले गए। लखनऊ में किया गया अंतिम संस्कार
परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। मृतक की लोकेशन लगातार शाहजहांपुर क्षेत्र में ही बनी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उनका और विकास का शव 1 किमी की दूरी पर बने दो कुओं से बरामद किया। अशोक का अंतिम संस्कार गोमती नदी के किनारे बैकुंठ धाम लखनऊ में किया गया। विकास का अंतिम संस्कार बलिया में होगा। 6 भाइयों में दो अधिकारी
बता दें कि अशोक सिंह 6 भाई थे। बड़ा भाई रघुनाथ सिंह सेना में सूबेदार के पद से रिटायर हैं। दूसरे भाई बृजनाथ सिंह गोरखपुर में क्लीनिक चलाते हैं। तीसरे भाई दीनानाथ की मौत हो चुकी है। चौथे नंबर पर अशोक सिंह खुद थे। पांचवे भाई ADRM निर्भय नारायण सिंह की दिल्ली में पोस्टिंग है। सबसे छोटे संजय सिंह सेल टैक्स कमिश्नर हैं। पत्नी और बच्चे प्रयागराज में रहते हैं
अशोक सिंह की चाची चन्द्रावती सिंह ने कहा कि अशोक न केवल मिलनसार था, बल्कि सबका मददगार भी था। अशोक के परिवार में पत्नी सीमा, बेटा असीम श्रीनेत और बेटी आयुषी श्रीनेत हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए सीमा प्रयागराज में रहती हैं। चाची ने बताया कि प्रयागराज में उनके बड़े मकान और कोठियां हैं। अशोक एजेंसी पर अकेले रहते थे। गांव में उनका घर बना है, जहां कभी-कभी आना जाना रहता था। चाचा बोले- भतीजा मिलनसार था
चाचा पंचदेव सिंह ने बताया कि बहुत कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन, ये जरूर पता है कि हमारा भतीजा अब इस दुनिया में नहीं हैं। ग्रामीण अवधेश कुमार पासवान का कहना है कि अशोक जी का कभी- कभार आना-जाना होता था। वे बहुत ही सभ्य और मिलनसार थे। वहीं, दूसरे मृतक विकास (44) पुत्र गोबिंद सिंह बलिया के ददन नगर बेदुआ का रहने वाला था। वह अशोक की एजेंसी में मिस्त्री का काम करता था। अशोक जेनरेटर चेक करने के लिए विकास को अपने साथ ले गए थे। परिवार में पत्नी पूजा और 12 साल की बेटी मीठी और 7 साल की बेटी शिवानी हैं। दो स्टेट की पुलिस ने मिलकर जांच की
SHO ने बताया कि- उत्तरप्रदेश से आने के बाद अशोक और विकास को एक-दो दिन आसपास के क्षेत्रों में घुमाया गया। कभी गुरुग्राम, कभी कोटपूतली क्षेत्र में ले जाया गया। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर बलिया पुलिस को पहले कोटपूतली और बहरोड़ की लोकेशन मिली। लेकिन शाहजहांपुर क्षेत्र में मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद बलिया पुलिस ने शाहजहांपुर पुलिस से संपर्क किया और दोनों टीमें संयुक्त रूप से जांच में जुट गईं। मंगलवार की शाम थाना क्षेत्र के सांसेडी से जौनाचया खुर्द के बीच एक खेत में बने कुएं से तेज बदबू आने की सूचना मिली। पुलिस पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस आसपास तालाशी शुरू की तो 1 किमी की दूरी पर दूसरा शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने घर वालों को जानकारी दी। दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए शाहजहांपुर सीएचसी भेजे गए। यहां मेडिकल बोर्ड से दोनों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर लखनऊ चले गए। ———————- यह खबर भी पढ़ें… मेरठ में ड्यूटी पर जा रही नर्स पर एसिड अटैक:बेटी को कई दिनों से परेशान कर रहा था, मां के विरोध पर हमला किया मेरठ के लोहियानगर में मंगलवार रात 9 बजे एक नर्स पर एसिड अटैक हुआ है। नर्स नाइट ड्यूटी के लिए जा रही थी। रात करीब 9 बजे टेंपो स्टैंड के पास एक नाबालिग लड़के ने उस पर तेजाब फेंक दिया। हमले में नर्स बुरी तरह झुलस गईं। पुलिस टीम और सीओ अंतरिक्ष जैन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल नजदीकी अवध अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *