कर्नाटक के बेल्लारी में वाल्मीकि बैनर फाड़ने को लेकर गुरुवार को भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़ गए। दोनों गुटों में हुई हिंसक झड़प के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। झड़प बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के समर्थकों के बीच बैनर लगाने को लेकर हुई, जो 3 जनवरी को शहर में वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से पहले पोस्टर-बैनर लगा रहे थे। भरत रेड्डी के समर्थक अवमभावी इलाके में जनार्दन रेड्डी के घर के सामने बैनर लगाने की कोशिश कर रहे थे, जिसका रेड्डी के समर्थकों ने विरोध किया। इससे दोनों गुटों में जमकर बहस हुई। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई, पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और हवाई फायर भी किए। शुक्रवार को पुलिस ने बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी, पूर्व मंत्री श्रीरामुलु, शेखर, अलीखान और सोमशेखर रेड्डी समेत 11 लोगों के खिलाफ ब्रूसपेट थाने में FIR दर्ज कर ली है। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… एसपी बोले- गलती से हुई फायरिंग में मारा गया एक व्यक्ति एसपी बल्लारी रंजीत कुमार बंदारू ने कहा- कल शाम बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी के घर के सामने वाल्मीकि मूर्ति के उद्घाटन के पोस्टर लगाने को लेकर हुए विवाद के कारण दंगा हुआ। इस विवाद के कारण जनार्दन रेड्डी के समर्थकों और शहर के विधायक के समर्थकों के बीच दंगा और पत्थरबाजी हुई। फायरिंग भी हुई, और गलती से हुई फायरिंग में एक व्यक्ति राजशेखर की मौत हो गई। मृतक को अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम पूरा हो गया है। शिकायतकर्ता ने कहा- बैनर फाड़ने के बाद हिंसक हुई भीड़ अपनी कंप्लेंट में, 47 साल के चनाला शेखर ने कहा कि MLA भरत रेड्डी शहर में सड़कों और पब्लिक प्रोजेक्ट्स समेत कई डेवलपमेंट के काम कर रहे हैं। इसी के तहत, SP सर्कल के पास वाल्मीकि की मूर्ति के अनावरण के लिए एक बड़ा प्रोग्राम रखा गया था। 1 जनवरी को शाम 6.30 बजे से 7.30 बजे के बीच, आरोपी जनार्दन रेड्डी, सोमशेखर रेड्डी और दूसरों ने जनार्दन रेड्डी के घर के पास लगाए गए बैनरों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद दोनों गुटों में संघर्ष हिंसक हो गया।
कर्नाटक के बेल्लारी में भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़े:हिंसा में एक की मौत; वाल्मीकि बैनर फाड़ने के आरोप में BJP विधायक समेत 11 पर FIR
