दिग्विजय के ‘रिटायरमेंट प्लान’ पर भाजपा हो गई बेचैन:’चुनावी वादे’ पर पटवारी को सीएम का जवाब; धीरेंद्र शास्त्री ने खोला चेलों का कच्चा चिट्‌ठा

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। गेहूं के दाम पर सीएम और जीतू पटवारी आमने-सामने
मध्य प्रदेश की राजनीति में किसानों का हितैषी बनने और उन्हें अपने पक्ष में करने की होड़ मची हुई है। कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार को उसका चुनावी वादा याद दिला रही है और किसानों से 2700 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर गेहूं खरीदने की मांग कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि यदि सरकार गेहूं का दाम 2700 रुपए नहीं देगी, तो प्रदेश की सभी मंडियों को एक दिन के लिए जाम किया जाएगा। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। इधर, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का कहना है कि कांग्रेसियों के कर्म ही ऐसे हैं कि उन्हें जवाब देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन मध्य प्रदेश के गठन से लेकर 2003 तक गेहूं का समर्थन मूल्य 450-500 रुपए तक ही पहुंच पाया। हमारी सरकार ने इसे 2600 पार पहुंचाया। सीएम ने कहा कि हमने वादा किया था कि गेहूं 2700 रुपए के भाव पर खरीदा जाएगा। सरकार बनने के दूसरे ही साल हम उस लक्ष्य की ओर बढ़ गए हैं। इस साल 2625 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी होगी। अभी 2027 और 2028 भी बाकी हैं। कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हम जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। सच्चा वादा, पक्का काम। बोलो जय श्रीराम। दिग्विजय के रिटायरमेंट की खबर, भाजपा हो गई बेचैन
हाल ही में दिग्विजय सिंह ने एक दंपती का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था। इसके साथ उन्होंने लिखा- मेरा रिटायरमेंट प्लान? शायद… क्यों नहीं? इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में अटकलें उड़ने लगीं कि दिग्विजय सिंह अब राजनीति से रिटायर होने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया तो सामने नहीं आई, लेकिन भाजपा खेमे में जरूर हलचल मच गई। हालांकि बाद में दिग्विजय सिंह ने खुद ही स्थिति साफ कर दी। उन्होंने कहा कि हल्ला तो होता रहता है। पार्टी का काम वे जीवन की आखिरी सांस तक करते रहेंगे। रिटायरमेंट प्लान वाली पोस्ट महज मजाक में की गई थी। दिग्विजय के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने शायद राहत की सांस ली होगी। दरअसल, भाजपा के कई नेता मानते हैं कि जब तक दिग्विजय सिंह कांग्रेस में सक्रिय हैं, तब तक भाजपा की जीत की गारंटी बनी रहती है। ऐसे में उनके रिटायरमेंट की खबर सुनकर बेचैनी होना स्वाभाविक ही था। भारत की जीत पर झूमे, रंग पंचमी की गेर से बनाई दूरी
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इन दिनों क्या कर रहे हैं और क्यों कर रहे हैं, यह लोगों की समझ से थोड़ा परे नजर आ रहा है। अब देखिए, टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर वे जमकर झूमे। रात में ही इंदौर के राजवाड़ा पहुंच गए और वहां तिरंगा लहराया। अब लोग यह भी कह रहे हैं कि इसी दिन दोपहर में इसी जगह रंगपंचमी की पारंपरिक ‘गेर’ भी निकली थी, लेकिन उसमें कैलाश विजयवर्गीय नजर नहीं आए। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रसिद्ध बजरबट्टू सम्मेलन में शामिल होने से भी इंकार कर दिया था। हालांकि कैलाश विजयवर्गीय ने पहले ही ये कहकर समझा दिया था कि उन्हें भारत की जीत का पूरा भरोसा था। इसलिए उन्होंने अपनी एनर्जी बचाकर रखी थी, ताकि जीत के बाद जमकर जश्न मना सकें और खुशी का इजहार कर सकें। धीरेंद्र शास्त्री ने खोल दिया अपने ही चेलों का कच्चा चिट्‌ठा
सबकी पर्ची निकालने वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने इस बार अपने ही चेलों की पर्ची निकाल दी, या यूं कहें कि उनका कच्चा चिट्ठा सबके सामने खोलकर रख दिया। भरे मंच से उन्होंने अपने ही सेवादारों को खरी-खोटी सुना डाली। उन्होंने कहा कि कई सेवादारों की टोन खराब है और उनका बात करने का तरीका भी ठीक नहीं है। कुछ चेले तो पीठ पीछे खुद को ही गुरु समझने लगे हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कई चेले उनसे सादगी नहीं सीख पा रहे हैं। उनकी नजर सेवा पर नहीं, बल्कि बाबा के भौकाल पर है। उन्हें लगता है कि उनका प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों से सीधा संपर्क है। ऐसे में कुछ सेवादारों को सेवा से ज्यादा गुरु के भौकाल से मतलब रहने लगा है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि कुछ युवक यहां लौंडियाबाजी के चक्कर में चेले बन गए हैं। शास्त्री ने अपने चेलों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें सबकी सच्चाई पता है। हम दूसरों का पर्चा खोलते हैं, तो तुम्हारा भी पर्चा खोल देंगे। ये भी पढ़ें –
कांग्रेस विधायक को पड़े लट्‌ठ, शिवराज बोले-पतियों की नहीं चलने वाली: फुल कॉन्फिडेंस में अजय सिंह अपने जन्मदिन के मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐसी बात कह दी, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा- पतियों की नहीं चलने वाली है। पूरी खबर पढ़ें