कुरुक्षेत्र सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत:कार ने मारी टक्कर, पिता और जीजा के सामने तोड़ा दम

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में शहजादपुर पट्‌टी गांव के नजदीक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक बेकाबू होकर बेसहारा पशु से टकरा गई। एक्सीडेंट में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपनी दुकान बंद करके बाइक पर घर लौट रहा था। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (30) निवासी कलसाना के रूप में हुई। वीरेंद्र की जिला अंबाला के दुखेड़ी गांव में पंक्चर की दुकान है। वीरेंद्र के पिता रोशन लाल भी उसी दुकान पर बैठते हैं। घटना के वक्त उसके पिता और बहनोई मनीष कुमार दूसरी बाइक पर उसके पीछे ही आ रहे थे। घर लौटते वक्त हुआ हादसा मनीष कुमार निवासी पपलौथा जिला अंबाला ने पुलिस को बताया कि वह कल अपने ससुर और साले वीरेंद्र से मिलने उनकी पंक्चर की दुकान पर आया था। रात करीब 9:40 बजे वे दुकान बंद कर मोहड़ा से अपने गांव कलसाना की ओर लौट रहे थे। उसका साला वीरेंद्र अपनी बाइक पर उनके आगे-आगे चल रहा था, जबकि वह अपनी बाइक पर अपने ससुर के साथ आ रहा था। ऑल्टो कार ने मारी टक्कर रात करीब 10:30 बजे शहजादपुर पट्टी की नई सड़क पर पहुंचे थे, तो पीछे से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की ऑल्टो कार (HR78 E-7752) ने उनको क्रॉस करते हुए वीरेंद्र की बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वीरेंद्र की बाइक सड़क किनारे खड़े एक बेसहारा पशु से टकरा गई। अस्पताल में मृत घोषित इससे विरेंद्र बाइक से नीचे गिर गया। उसके सिर, माथे और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। राहगीरों की मदद से एम्बुलेंस बुलाई गई और वीरेंद्र को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से आरोपी ड्राइवर फरार घटना के बाद आरोपी ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उधर, पुलिस ने सूचना पाकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मनीष के बयान पर कार नंबर के आधार पर केस कर जांच शुरू कर दी।