पंचकूला में पिकअप से टकराई बाइक, युवक की मौत:एक गंभीर, ईद के मौके पर गार्डन घूमने गए थे, परिवार में मातम

Spread the love

पंचकूला जिले के पिंजौर-नालागढ़ रोड पर गांव धमाला के समीप हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना ईद के दिन हुई जब दोनों युवक यादविन्द्रा गार्डन से लौट रहे थे। मृतक की पहचान 23 वर्षीय दानिश के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक 25 वर्षीय जाविर है। उनके रिश्तेदार उबेश ने बताया कि दानिश और जाविर ईद के अवसर पर पिंजौर के यादविन्द्रा गार्डन घूमने गए थे और अपने घर नवांनगर लौट रहे थे। पिकअप से टकराई बाइक गांव धमाला स्थित पेट्रोल पंप के आगे सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। दानिश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पंचकूला सेक्टर-6 अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक युवक घायल, हालत गंभीर वहीं, जाविर को भी गंभीर चोटें आईं और उसे नानकपुर अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी बच्चू सिंह और सब इंस्पेक्टर राजवीर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।