जन सुराज पार्टी से पवन चौधरी चुनाव मैदान में हैं। बिहपुर सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और वीआइपी के प्रत्याशियों के बीच है। भाजपा जहां सवर्ण, गंगोता और दलित वोटरों के भरोसे जीत का दम भर रही है। वहीं वीआइपी एम-वाई, मल्लाह और गंगोता वोटरों के भरोसे चुनाव जीतने की जुगत में हैं। वीआइपी उम्मीदवार को जदयू के सांसद अजय मंडल की ओर से भी मदद मिल रही है। वहीं जन सुराज के प्रत्याशी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं।
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कृष्ण कुमार मंडल बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार हैं। बिहपुर विधानसभा भागलपुर का सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र है और खगड़िया की सीमा से सटा है। गंगा और कोसी नदी के बीच में बसे इस विधानसभा में किसानों की संख्या अधिक है। केला, मक्का, लिची की खेती यहां पर्याप्त होती है। इस विधानसभा में भूमिहार वोटरों की संख्या अधिक है लेकिन यादव और मुस्लिम मतदाता भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
